खाजूवाला: एमडीएम माइनर में पानी संकट गहराया, किसानों ने दी आंदोलन की चेतावनी

post 41 (1)

खाजूवाला। केजेडी नहर की एमडीएम (माधो डिग्गी) माइनर में एपीएम मशीन नहर के बेड लेवल से अधिक ऊंचाई पर लगाए जाने का आरोप लगाते हुए टेल क्षेत्र के किसानों ने गहरा रोष जताया है। किसानों का कहना है कि इसके चलते माइनर के अंतिम छोर तक सिंचाई और पेयजल के लिए पर्याप्त पानी नहीं पहुंच पा रहा है, जिससे खेती प्रभावित हो रही है।

किसानों के अनुसार, एक ही माइनर में दो स्थानों पर एपीएम मशीन लगाए जाने और अतिरिक्त ठोकर (अवरोध) बनने से पानी का प्रवाह बाधित हो रहा है। इससे टेल क्षेत्र के किसानों पर पानी का संकट गहरा गया है। उनका कहना है कि सिंचित भूमि होने के बावजूद पर्याप्त पानी नहीं मिलने से खेत बंजर होने की कगार पर पहुंच गए हैं।

किसानों का आरोप है कि वे लंबे समय से प्रशासन और संबंधित विभाग से समस्या के समाधान की मांग कर रहे हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। वर्षों से इस समस्या से जूझ रहे एमडीएम क्षेत्र के किसानों में लगातार नाराजगी बढ़ रही है।

इसी मुद्दे को लेकर आज पीसीसी सचिव मकबूल बलोच के नेतृत्व में सैकड़ों किसान एकत्रित हुए। बलोच ने कहा कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं किया गया तो किसान अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन शुरू करेंगे। उन्होंने चेतावनी दी कि समस्या का शीघ्र निराकरण नहीं होने पर वे स्वयं किसानों के साथ धरने पर बैठेंगे।