बीकानेर: नीलगाय से बचने के प्रयास में स्कॉर्पियो डीपी से टकराई, 71 वर्षीय बुजुर्ग की मौत

post 42 (1)

बीकानेर। जामसर थाना क्षेत्र में मंगलवार को हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में इलाज के लिए बीकानेर आ रहे 71 वर्षीय बुजुर्ग की मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब स्कॉर्पियो के सामने अचानक नीलगाय आ गई, जिससे वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बिजली विभाग की डीपी से टकरा गया।

पुलिस के अनुसार, बनियासर निवासी दीपक शर्मा पुत्र जगदीश प्रसाद शर्मा ने रिपोर्ट दर्ज कराई है। रिपोर्ट में बताया गया कि उनके 71 वर्षीय पिता जगदीश प्रसाद शर्मा एक रिश्तेदार के साथ स्कॉर्पियो में सवार होकर इलाज के लिए बीकानेर आ रहे थे।

इसी दौरान बम्बलू के पास अचानक एक नीलगाय वाहन के सामने आ गई। चालक ने वाहन को नीलगाय से बचाने का प्रयास किया, लेकिन स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित बिजली विभाग की डीपी से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि जगदीश प्रसाद गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसे के बाद उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया।

फिलहाल जामसर थाना पुलिस ने मर्ग दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।