बीकानेर: सरकारी क्वार्टर में फंदे से लटका मिला पुलिस निरीक्षक का शव, जांच में जुटी पुलिस

बीकानेर। शहर से एक दुखद खबर सामने आई है। पुलिस विभाग में कार्यरत पुलिस निरीक्षक श्रवण बिश्नोई का शव उनके सरकारी क्वार्टर में फंदे से लटका मिला। घटना बीछवाल थाना क्षेत्र की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, श्रवण बिश्नोई वर्तमान में सीआईडी-सीबी में पुलिस निरीक्षक के पद पर कार्यरत थे। इससे पूर्व वे भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) में भी अपनी सेवाएं दे चुके थे।
घटना की सूचना मिलते ही बीछवाल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है।
फिलहाल आत्महत्या के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है। घटना के बाद पुलिस महकमे में शोक का माहौल है।