छत्तरगढ़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई: कार से 62 किलो अवैध डोडा पोस्त बरामद, युवक गिरफ्तार

100426734

छत्तरगढ़। Rkhabar

अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन नीलकंठ के तहत छत्तरगढ़ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 62 किलो अवैध डोडा पोस्त बरामद किया है। पुलिस ने मादक पदार्थ को कार में ले जा रहे एक युवक को गिरफ्तार कर वाहन को भी जब्त किया है।

पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई थानाधिकारी नवनीत सिंह धारीवाल के निर्देशन में की गई। पुलिस टीम को मुखबिर के जरिए सूचना मिली थी कि एक युवक कार में अवैध मादक पदार्थ लेकर सत्तासर की ओर से छत्तरगढ़ क्षेत्र में आ रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने तत्काल टीम गठित कर संदिग्ध मार्ग पर नाकाबंदी करवाई।

आरडी 585 के पास नाकाबंदी

सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने इंदिरा गांधी नहर की आरडी 585 के पास नाकाबंदी की। दोपहर करीब तीन बजे पुलिस ने संदिग्ध कार को रोककर उसकी तलाशी ली। तलाशी के दौरान कार से बड़ी मात्रा में अवैध डोडा पोस्त बरामद हुआ।

पुलिस ने बरामद मादक पदार्थ का वजन करवाया, जो 62 किलो पाया गया। इसके बाद पुलिस ने मौके से कार सवार युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की।

अनूपगढ़ निवासी युवक गिरफ्तार

पुलिस ने आरोपी की पहचान गुरविंदर पुत्र सुरजीत सिंह, जाति जट सिख, निवासी वार्ड नंबर 23, अनूपगढ़, जिला श्रीगंगानगर के रूप में की है। आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से बरामद मादक पदार्थ और वाहन को जब्त कर लिया गया।

सप्लाई नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस

मामले में पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक कार्रवाई के बाद पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद डोडा पोस्त कहां से लाया गया था और इसे किस स्थान पर पहुंचाया जाना था।

इसके अलावा पुलिस आरोपी से पूछताछ कर मादक पदार्थ की तस्करी से जुड़े अन्य लोगों और पूरे सप्लाई नेटवर्क के संबंध में भी जानकारी जुटा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

You may have missed