खाजूवाला नगरपालिका में आरक्षण की तस्वीर साफ, अब तेज होंगे चुनावी दाव-पेच

खाजूवाला। Rkhabar
खाजूवाला नगरपालिका चुनाव को लेकर सोमवार को आरक्षण की तस्वीर साफ हो गई। जिला कलेक्टर की मौजूदगी में निकाली गई लॉटरी में नगरपालिका के 20 वार्डों के आरक्षण का निर्धारण किया गया। आरक्षण सूची जारी होते ही संभावित दावेदारों की सक्रियता बढ़ने लगी है और अब चुनावी सरगर्मियां तेज होने के आसार हैं।
लॉटरी के अनुसार अनुसूचित जाति (SC) के लिए वार्ड संख्या 1, 3 और 6 आरक्षित किए गए हैं। इनमें वार्ड संख्या 1 SC महिला के लिए आरक्षित रहेगा।
इसी प्रकार अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) के लिए वार्ड संख्या 7, 8, 15 और 16 आरक्षित किए गए हैं। इनमें वार्ड संख्या 16 OBC महिला के लिए आरक्षित है।
वहीं सामान्य वर्ग महिला के लिए वार्ड संख्या 2, 4, 12 और 14 आरक्षित किए गए हैं। इसके अलावा वार्ड संख्या 5, 9, 10, 11, 13, 17, 18, 19 और 20 सामान्य वर्ग के लिए आरक्षित किए गए हैं।
आरक्षण के बाद बदलेगा चुनावी गणित
वार्डों का आरक्षण तय होते ही कई संभावित प्रत्याशियों के चुनावी समीकरण बदल गए हैं। लंबे समय से चुनाव की तैयारी में जुटे दावेदार अब अपने-अपने वार्डों में नए सिरे से राजनीतिक गणित बैठाने में जुटेंगे। मोहल्लों में नुक्कड़ बैठकें, जनसंपर्क और मतदाताओं से संवाद का दौर भी जल्द शुरू होने की संभावना है।
आरक्षण ने जहां कुछ दावेदारों की उम्मीदों पर पानी फेर दिया है, वहीं नए चेहरों के लिए चुनावी मैदान में उतरने का रास्ता भी खोल दिया है। ऐसे में अब खाजूवाला नगरपालिका का चुनावी माहौल और अधिक रोचक होने की उम्मीद है।