खाजूवाला: वरीयता क्रम के बावजूद अंतिम छोर तक नहीं पहुंच रहा सिंचाई पानी

post 53 (1)

खाजूवाला। भारतीय किसान संघ ने नहरों में निर्धारित मात्रा में सिंचाई पानी उपलब्ध कराने की मांग को लेकर संभागीय आयुक्त के नाम ज्ञापन सौंपा। किसानों ने आरोप लगाया कि सिंचाई विभाग की लापरवाही के कारण अंतिम छोर तक पर्याप्त पानी नहीं पहुंच रहा है, जिससे किसानों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

भारतीय किसान संघ के जिला मंत्री शिवदत्त सीगड़ ने बताया कि अनुपगढ़ शाखा में वरीयता क्रम के अनुसार 28 जून 2026 को पानी छोड़ा गया था, लेकिन खाजूवाला क्षेत्र की केवाईडी, केजेडी, बीडी और बीजीएम नहरों व माइनरों में 30 जून की दोपहर तक भी नाममात्र का पानी ही पहुंच पाया।

उन्होंने कहा कि वरीयता क्रम के बावजूद किसानों को पर्याप्त पानी नहीं मिल रहा है। ऐसे में फसलों की सिंचाई प्रभावित हो रही है और किसानों के सामने आजीविका का संकट खड़ा हो गया है। उनका आरोप है कि सिंचाई विभाग हर बार यही कहकर जिम्मेदारी से बचता है कि पीछे से पानी कम मिल रहा है।

किसान संघ का कहना है कि विभाग की उदासीनता के कारण अंतिम छोर के किसानों तक पर्याप्त पानी नहीं पहुंच पा रहा है। स्थिति यह है कि सिंचाई तो दूर, खेतों में बनी पेयजल की डिग्गियां भी नहीं भर पा रही हैं।

ज्ञापन के माध्यम से किसानों ने मांग की है कि आईजीएनपी में 12 हजार क्यूसेक सिंचाई पानी छोड़कर अंतिम छोर तक पर्याप्त जलापूर्ति सुनिश्चित की जाए, ताकि किसानों को राहत मिल सके।