बीकानेर: स्कूल बस से उतरते वक्त दर्दनाक हादसा, 7 वर्षीय मासूम की मौत; पढ़े पूरी खबर

बीकानेर। नए शैक्षणिक सत्र के पहले ही दिन जसरासर क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में सात वर्षीय मासूम की मौत हो गई। स्कूल से घर लौटते समय बस से उतरने के दौरान हादसा हुआ, जिससे पूरे गांव में शोक की लहर फैल गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, जसरासर निवासी शौर्य (7) पुत्र लोकेश कुमार बुधवार को करीब 45 दिन बाद स्कूल खुलने पर उत्साह के साथ पढ़ने गया था। दोपहर में स्कूल बस उसे घर के सामने छोड़ने पहुंची। इसी दौरान बस से उतरते समय उसका स्कूल बैग दरवाजे की कुंडी में फंस गया। आरोप है कि चालक ने यह सुनिश्चित किए बिना कि बच्चा सुरक्षित उतर चुका है, बस आगे बढ़ा दी। इससे शौर्य संतुलन खोकर नीचे गिर गया और बस के पहिए की चपेट में आ गया।
बताया जा रहा है कि शौर्य अपनी बड़ी बहन खुशबू के साथ रोजाना स्कूल आता-जाता था। बुधवार को भी दोनों साथ लौटे थे। खुशबू पहले बस से उतर गई, जबकि शौर्य का बैग फंस जाने के कारण वह नीचे नहीं उतर सका। बस आगे बढ़ने से वह कुछ दूरी तक घसीटता चला गया। बस में मौजूद अन्य बच्चों के शोर मचाने पर चालक ने वाहन रोका, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी।
जसरासर थाना पुलिस के अनुसार, हादसे के बाद चालक बस को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने संबंधित निजी स्कूल की बस को जब्त कर थाने में खड़ा कर दिया है। वहीं, शव को पोस्टमार्टम के लिए पीबीएम अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है।
पुलिस ने बताया कि परिजनों की रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फरार चालक की तलाश जारी है और दुर्घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।