बीकानेर: पेट्रोल डालकर आग लगाने से 40% झुलसा युवक, वरिष्ठ अधिकारी पर लगाया प्रताड़ना का आरोप

post 47 (1)

बीकानेर। बीकानेर के मुक्ताप्रसाद क्षेत्र स्थित स्मार्ट मीटर लगाने वाली कंपनी के कार्यालय में एक युवक द्वारा खुद पर पेट्रोल डालकर आग लगाने की घटना से हड़कंप मच गया। आग लगने से युवक करीब 40% तक झुलस गया। कार्यालय में मौजूद कर्मचारियों ने तत्काल आग बुझाकर पुलिस को सूचना दी। सूचना पर मुक्ताप्रसाद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को पीबीएम अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका उपचार जारी है।

मुक्ताप्रसाद थानाधिकारी विजेंद्र सिला ने बताया कि सूचना मिलने पर उपनिरीक्षक रतन सिंह पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। प्रारंभिक जांच में घायल की पहचान अनूपगढ़ निवासी लक्ष्मण सिंह राठौड़ के रूप में हुई है। फिलहाल घायल की ओर से कोई औपचारिक रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई गई है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच करते हुए कार्यालय के कर्मचारियों और अन्य संबंधित लोगों से पूछताछ कर रही है।

उधर, पीबीएम अस्पताल में उपचाराधीन लक्ष्मण सिंह राठौड़ ने कंपनी के एक वरिष्ठ अधिकारी पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि वे करीब एक वर्ष तक कंपनी में डिवीजन इंचार्ज के पद पर कार्यरत रहे। उनके अनुसार देर रात कार्यालय बुलाए जाने के बाद किसी बात को लेकर विवाद हुआ, जिसके दौरान उनके साथ मारपीट की गई और एक वरिष्ठ अधिकारी ने उन पर पेट्रोल डालकर आग लगाने का प्रयास किया। लक्ष्मण ने कहा कि वह पूरे मामले की लिखित शिकायत पुलिस को सौंपेंगे और निष्पक्ष जांच की मांग करेंगे।

वहीं, पुलिस की प्रारंभिक जांच में कंपनी की ओर से यह जानकारी भी सामने आई है कि लक्ष्मण सिंह को कुछ दिन पहले नौकरी से हटाया गया था और इसके बाद वह मानसिक तनाव में थे। कंपनी के अनुसार, वह कार्यालय पहुंचे और अपने साथ लाए ज्वलनशील पदार्थ को स्वयं पर उड़ेलकर आग लगा ली।

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मामले में दोनों पक्षों के अलग-अलग बयान सामने आए हैं। घटनास्थल से जुटाए गए साक्ष्यों, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और अन्य तथ्यों के आधार पर जांच जारी है। जांच पूरी होने के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।