Road Accident: महिलाओं से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटी, दो महिलाओं की मौत, 11 अन्य घायल

post 55 (1)

भरतपुर। जिले के वैर क्षेत्र में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में मजदूरी के लिए जा रही महिलाओं से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली पलट गई। हादसे में दो महिलाओं की मौत हो गई, जबकि 11 अन्य महिलाएं घायल हो गईं। सभी घायलों को उपचार के लिए भरतपुर के आरबीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, वैर क्षेत्र की कई महिलाएं ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार होकर मजदूरी के लिए जा रही थीं। इसी दौरान रायपुर गांव के पास ट्रॉली अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। ट्रॉली पलटते ही उसमें सवार महिलाओं में चीख-पुकार मच गई। हादसे के बाद मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्र हो गए और तत्काल राहत कार्य शुरू किया।

स्थानीय लोगों ने ट्रॉली के नीचे और आसपास फंसी महिलाओं को बाहर निकाला तथा पुलिस और एम्बुलेंस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को एम्बुलेंस की सहायता से आरबीएम अस्पताल भिजवाया।

हादसे में धोरी (35) पत्नी मान सिंह गुर्जर, निवासी रायपुर (वैर) तथा मछला (38) पत्नी दिनेश जाटव, निवासी बयाना गेट (वैर) की मौत हो गई। वहीं 11 घायल महिलाओं का अस्पताल में उपचार जारी है।

आरबीएम अस्पताल के चिकित्सकों के अनुसार सभी घायलों का उपचार किया जा रहा है और उनकी स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। इधर, पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में ट्रॉली के अनियंत्रित होकर पलटने से हादसा होना सामने आया है, जबकि दुर्घटना के कारणों और ट्रैक्टर चालक की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

You may have missed