बीकानेर: दहेज प्रताड़ना से तंग विवाहिता ने की आत्महत्या, पति सहित चार के खिलाफ मामला दर्ज

बीकानेर। एमपी नगर थाना पुलिस ने दहेज प्रताड़ना के मामले में एक विवाहिता को आत्महत्या के लिए कथित रूप से मजबूर करने के आरोप में पति सहित चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, बंगलानगर स्थित डूडी पेट्रोल पंप के पीछे रहने वाले दीनदयाल रामावत (48) ने रिपोर्ट दर्ज कराई है। रिपोर्ट में बताया गया कि उनकी भतीजी को विवाह के बाद से ही ससुराल पक्ष के लोग दहेज की मांग को लेकर मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित करते थे। लगातार प्रताड़ना से परेशान होकर उसने आत्महत्या कर ली।
परिवादी ने आरोप लगाया कि मंगलचंद, महावीर प्रसाद, नन्द और सास ने मिलकर उनकी भतीजी को दहेज के लिए लगातार परेशान किया, जिसके चलते उसने यह कदम उठाया।
पुलिस ने बीएनएस की धारा 80(2), 85 एवं 3(5) के तहत मामला दर्ज कर जांच आरपीएस अनुज डाल को सौंपी है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।