पंजाब की जेल में बैठकर कैदी ने पाकिस्तान से मंगवाए हथियार, मास्टरमाइंड का निकला राजस्थान से कनेक्शन; पढ़े खबर

post 174 (1)

बीकानेर के खाजूवाला बॉर्डर पर सुरक्षा एजेंसियों ने हथियार तस्करी के एक बड़े नेटवर्क का खुलासा किया है। जांच में सामने आया है कि इस पूरे रैकेट का मास्टरमाइंड कुख्यात तस्कर सुखविंदर सिंह उर्फ सोनू है, जो इस समय पंजाब की फरीदकोट जेल में बंद है। बताया जा रहा है कि वह जेल के अंदर से ही पाकिस्तानी तस्करों के संपर्क में था और ड्रोन के जरिए सीमा पार से हथियार मंगवाने की साजिश रच रहा था। आरोपी श्रीगंगानगर जिले के रावला इलाके का रहने वाला है।

तकनीकी खराबी से नाकाम हुई साजिश:-

यह घटना फरवरी महीने की है, जब खाजूवाला क्षेत्र के 24 KND इलाके में एक सरसों के खेत में संदिग्ध ड्रोन गिरा मिला था। जांच में पता चला कि तस्करों ने हथियारों की डिलीवरी के लिए नहर किनारे का रास्ता तय किया था, लेकिन तकनीकी गड़बड़ी के कारण ड्रोन लक्ष्य तक नहीं पहुंच सका और खेत में गिर गया। सुरक्षा एजेंसियों ने ड्रोन से 5 चाइनीज पिस्टल और 325 कारतूस बरामद किए थे, जिससे तस्करों की पूरी योजना विफल हो गई।

स्थानीय नेटवर्क की तलाश तेज:-

सुरक्षा एजेंसियों और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में इस अंतरराष्ट्रीय तस्करी नेटवर्क की परतें धीरे-धीरे खुल रही हैं। मुख्य आरोपी से मिली जानकारी के आधार पर उन संदिग्ध लोगों की पहचान की जा रही है, जो बॉर्डर पर ड्रोन से गिराए गए हथियारों को लेने वाले थे। पुलिस अब उन स्थानीय सहयोगियों की तलाश में जुटी है, जो इस नेटवर्क को जमीन पर संचालित करने में मदद कर रहे थे। अधिकारियों का मानना है कि इस खुलासे के बाद सीमावर्ती इलाकों में सक्रिय अन्य तस्करों पर भी कार्रवाई तेज होगी।