Heatwave Alert: राजस्थान में लू का रेड अलर्ट, जाने अगले 5 दिन कैसा रहेगा मौसम का मिजाज

post 173 (1)

Heatwave Alert: मौसम विभाग की ताजा रिपोर्ट के मुताबिक मंगलवार को प्रदेश के कई जिलों में भीषण गर्मी का असर बना रहेगा। बालोतरा, बाड़मेर, जैसलमेर, फलोदी, बारां, बूंदी और चित्तौड़गढ़ में दिन के साथ-साथ रात में भी लू चलने की चेतावनी जारी की गई है। विभाग का कहना है कि जोधपुर और बीकानेर संभाग के कई इलाकों में अगले 4 से 5 दिनों तक हीटवेव और ऊष्णरात्रि का प्रभाव जारी रह सकता है।

दक्षिण-पूर्वी राजस्थान के जिलों में तापमान 43 से 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है। कई जगहों पर दिन के साथ रात का तापमान भी सामान्य से अधिक रहेगा, जिससे लोगों को रात में भी गर्मी से राहत नहीं मिल पाएगी।

वहीं दूसरी ओर, सीकर, कोटपूतली-बहरोड़, कोटा, खैरथल-तिजारा, करौली, झुंझुनूं, जयपुर, धौलपुर, डीग, दौसा, भरतपुर और अलवर जिलों में मौसम कुछ बदला हुआ नजर आ सकता है। इन क्षेत्रों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी चलने और हल्की बारिश होने की संभावना जताई गई है।

मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, प्रदेश में तापमान में तेजी से बढ़ोतरी का मुख्य कारण पाकिस्तान की ओर से आने वाली गर्म हवाएं हैं, जो बिना किसी बाधा के थार क्षेत्र में प्रवेश कर रही हैं। इसी वजह से पश्चिमी राजस्थान के कई जिलों में तापमान 45 से 47 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। सोमवार को बाड़मेर में सर्वाधिक तापमान 47.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

हालांकि, मौसम विभाग का अनुमान है कि आने वाले 48 घंटों के दौरान बीकानेर संभाग, शेखावाटी, जयपुर और भरतपुर संभाग के कुछ उत्तरी हिस्सों में मौसम में आंशिक बदलाव देखने को मिल सकता है। इन क्षेत्रों में मेघगर्जन, तेज आंधी और हल्की बूंदाबांदी की संभावना जताई गई है।

You may have missed