बीकानेर में तस्कर के अवैध निर्माण पर चला बुलडोजर, पुलिस-प्रशासन की बड़ी कार्रवाई

बीकानेर में तस्कर के अवैध निर्माण पर चला बुलडोजर, पुलिस-प्रशासन की बड़ी कार्रवाई
बीकानेर। जिले में अपराधियों और तस्करों के खिलाफ पुलिस का सख्त अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में मंगलवार को भुट्टों के बास क्षेत्र में तस्कर मेहंदी हसन उर्फ महेंद्र के अवैध निर्माण पर बुलडोजर चलाया गया। कार्रवाई पुलिस और बीडीए की संयुक्त टीम द्वारा की गई। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा के निर्देशन में की गई। मौके पर थानाधिकारी सुरेंद्र पचार अपनी टीम के साथ मौजूद रहे। वहीं तहसीलदार महेंद्र रत्नू ने भी मौके पर पहुंचकर प्रशासनिक प्रक्रिया की निगरानी की।
पुलिस के अनुसार मेहंदी हसन उर्फ महेंद्र के खिलाफ कुल सात मुकदमे दर्ज हैं, जिनमें पांच मामले एनडीपीएस एक्ट से जुड़े हुए बताए जा रहे हैं। प्रशासन ने अवैध रूप से बनाए गए मकान को चिन्हित कर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई शुरू की। पुलिस और प्रशासन की इस संयुक्त कार्रवाई को अपराधियों की अवैध कमाई और कब्जों पर बड़ा प्रहार माना जा रहा है। बीकानेर पुलिस द्वारा हिस्ट्रीशीटर, तस्करों और गैंग से जुड़े अपराधियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है, जिससे अपराध जगत में हड़कंप मचा हुआ है।