खाजूवाला: कार और ट्रेलर की टक्कर में कर्मचारी की मौत का मामला, मोर्चरी के बाहर धरने पर बैठे परिजन

खाजूवाला। पूगल-दंतौर रोड पर पीरणवाली फांटे के पास एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की मौत के बाद परिजनों ने जिओ कंपनी के अधिकारियों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए खाजूवाला अस्पताल की मोर्चरी के बाहर धरना शुरू कर दिया है। परिजनों ने स्पष्ट किया है कि जब तक जिओ कंपनी तथा महिंद्रा एंड महिंद्रा के संबंधित अधिकारी मौके पर पहुंचकर उनसे वार्ता नहीं करेंगे, तब तक शव का पोस्टमार्टम नहीं कराया जाएगा।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, खाजूवाला क्षेत्र के 8 केजेडी निवासी योगेश पुत्र श्री रामचंद्र माहर (कुम्हार) जिओ कंपनी के कार्य से दंतौर क्षेत्र में टावर मेंटेनेंस का कार्य कर रहे थे। मंगलवार रात्रि कार्य पूरा करने के बाद वे अपनी स्विफ्ट डिजायर कार से दंतौर स्थित अपने कमरे की ओर लौट रहे थे। इसी दौरान पूगल-दंतौर रोड पर पीरणवाली फांटे के पास एक ट्रेलर ने कथित रूप से लापरवाही से वाहन चलाते हुए उनकी कार को टक्कर मार दी, जिससे उनकी मौके पर ही मृत्यु हो गई।
परिजनों का आरोप है कि दुर्घटना की सूचना बुधवार सुबह ही जिओ कंपनी के अधिकारियों को दे दी गई थी, लेकिन काफी समय बीत जाने के बाद भी कोई अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा। इसे लेकर परिजन एवं समाज के लोग खाजूवाला अस्पताल की मोर्चरी के बाहर धरने पर बैठे हैं।
परिजनों का कहना है कि जब तक जिओ कंपनी तथा महिंद्रा एंड महिंद्रा के संबंधित अधिकारी मौके पर आकर उनसे वार्ता नहीं करेंगे, तब तक वे पोस्टमार्टम नहीं करवाएंगे।
वर्तमान में पुलिस एवं चिकित्सकों की टीम मौके पर मौजूद है, लेकिन परिजनों ने अपनी मांगें पूरी होने तक पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया है।