बीकानेर: पारिवारिक विवाद में मां ने मासूम बेटी संग डिग्गी में लगाई छलांग, दोनों की मौत

post 37 (1)

बीकानेर जिले में श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र के जालबसर गांव से एक दर्दनाक और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां मंगलवार को एक खेत में बनी पानी की डिग्गी में डूबने से एक विवाहिता और उसकी छह वर्षीय बेटी की मौत हो गई, जबकि आठ वर्षीय बालक को ग्रामीणों ने समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

जानकारी के अनुसार, जालबसर गांव के पास स्थित एक खेत की डिग्गी में सावित्री (36) पत्नी हनुमानराम जाट और उसकी 6 वर्षीय पुत्री ज्योति अचानक डूब गईं। इसी दौरान वहां मौजूद 8 वर्षीय बालक विकास पानी की सतह पर तैरता हुआ दिखाई दिया।

चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद विकास को समय रहते पानी से सुरक्षित बाहर निकाल लिया। लेकिन, ग्रामीणों के तमाम प्रयासों के बावजूद सावित्री और उसकी मासूम बेटी ज्योति को नहीं बचाया जा सका और दोनों की पानी में डूबने से मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही श्रीडूंगरगढ़ थाने के एएसआई महेश कुमार पुलिस जाब्ते के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से काफी प्रयास के बाद मां-बेटी के शवों को डिग्गी से बाहर निकालकर उपजिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया।

एएसआई महेश कुमार ने बताया कि मृतका सावित्री के पीहर पक्ष (गांव ऊपनी) के परिजनों को इस दुखद घटना की सूचना दे दी गई है। उनके मौके पर पहुंचने के बाद ही शवों का पोस्टमॉर्टम करवाया जाएगा और नियमानुसार अग्रिम कानूनी कार्रवाई शुरू की जाएगी।

प्रारंभिक जांच और ग्रामीणों से मिली जानकारी के अनुसार, इस खौफनाक कदम के पीछे घरेलू कलह की आशंका जताई जा रही है। माना जा रहा है कि पारिवारिक विवाद और मानसिक तनाव के चलते विवाहिता ने अपनी बेटी के साथ डिग्गी में छलांग लगा दी। फ़िलहाल, पुलिस मामले के सभी पहलुओं से जांच कर रही है ताकि घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके।

You may have missed