भारत को अमेरिका से 428 मिलियन डॉलर की रक्षा डील की मंजूरी, अपाचे और M777 सिस्टम को मिलेगा सपोर्ट

post 321 (1)

India-US Defense Deal: अमेरिका ने भारत को अपाचे अटैक हेलीकॉप्टर और M777 अल्ट्रा-लाइट होवित्जर तोप के लिए सपोर्ट सर्विस और संबंधित उपकरणों की बिक्री को मंजूरी दे दी है। इस रक्षा सौदे की कुल अनुमानित कीमत 428 मिलियन डॉलर (करीब 3,500 करोड़ रुपये) से अधिक बताई जा रही है। इसमें अपाचे हेलीकॉप्टर सपोर्ट पैकेज की कीमत लगभग 198.2 मिलियन डॉलर, जबकि M777A2 अल्ट्रा-लाइट होवित्जर के रखरखाव और तकनीकी सहायता पैकेज की लागत करीब 230 मिलियन डॉलर आंकी गई है।

अमेरिकी विदेश विभाग के अनुसार, अपाचे हेलीकॉप्टर सपोर्ट पैकेज के प्रमुख कॉन्ट्रैक्टर बोइंग और लॉकहीड मार्टिन होंगे, जबकि M777 होवित्जर के सपोर्ट के लिए मुख्य कॉन्ट्रैक्टर BAE Systems है। विदेश विभाग ने बताया कि भारत ने AH-64E अपाचे के लिए रखरखाव और सपोर्ट सर्विस, अमेरिकी सरकार और कॉन्ट्रैक्टर की इंजीनियरिंग, तकनीकी और लॉजिस्टिक्स सपोर्ट सर्विस, तकनीकी डेटा और प्रकाशन, कर्मियों का प्रशिक्षण, लॉजिस्टिक्स और प्रोग्राम सपोर्ट से जुड़े अन्य तत्वों को खरीदने का अनुरोध किया है।

वहीं, M777A2 होवित्जर मामले में अमेरिका ने बताया कि इसमें गैर-प्रमुख रक्षा उपकरण शामिल होंगे, यानी सहायक उपकरण, अतिरिक्त पुर्जे, मरम्मत, प्रशिक्षण, तकनीकी सहायता, फील्ड सर्विस प्रतिनिधि, डिपो क्षमता, तथा लॉजिस्टिक्स और प्रोग्राम सपोर्ट से जुड़े अन्य तत्व।

डील पर अमेरिका ने क्या कहा?

अमेरिकी विदेश विभाग ने कहा कि यह प्रस्तावित बिक्री भारत-अमेरिका रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करेगी और हिंद-प्रशांत (इंडो-पैसिफिक) व दक्षिण एशिया क्षेत्र में सुरक्षा, स्थिरता और आर्थिक प्रगति को बढ़ावा देने में मददगार साबित होगी। विभाग ने यह भी कहा कि भारत की रक्षा क्षमता मजबूत होने से क्षेत्रीय चुनौतियों और संभावित खतरों से निपटने में मदद मिलेगी।

अपाचे हेलीकॉप्टर और होवित्जर तोप की क्षमता

AH-64 Apache अत्याधुनिक रडार, नाइट विजन सिस्टम और हेलफायर मिसाइलों से लैस है, जो दुश्मन के टैंकों, बख्तरबंद वाहनों और ठिकानों को सटीक निशाना बनाने में सक्षम है। वहीं M777 Howitzer हल्के टाइटेनियम ढांचे के कारण तेजी से तैनात किया जा सकता है। यह लंबी दूरी तक सटीक गोले दागने में सक्षम है। पहाड़ी व दुर्गम क्षेत्रों में भी आसानी से संचालित होता है। इसकी गतिशीलता और सटीक फायरपावर इसे आधुनिक युद्ध का महत्वपूर्ण हथियार बनाती है।