‘हमारी सेना है तैयार, किसी भी हमले का दिया जाएगा मुंहतोड़ जवाब’, ईरानी संसद के स्पीकर गालिबफ ने दी चेतावनी

अमेरिका के 14 सूत्रीय प्रस्ताव पर ईरान की प्रतिक्रिया ने दोनों देशों के बीच तनाव और बढ़ा दिया है। Donald Trump ने ईरान के जवाब को सख्ती से खारिज करते हुए इसे “अस्वीकार्य” बताया और तीखी टिप्पणी करते हुए इसे “बेकार” करार दिया। साथ ही उन्होंने सीजफायर को लेकर भी कहा कि यह स्थिति बेहद नाजुक दौर में है।
ट्रंप के इस रुख पर ईरान की ओर से भी कड़ा जवाब आया है। ईरानी संसद के स्पीकर Mohammad Bagher Ghalibaf ने सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर करते हुए लिखा कि “हमारी सेना किसी भी हमले का मुंहतोड़ जवाब देने के लिए तैयार है। गलत रणनीति और गलत फैसले हमेशा गलत नतीजों की ओर ले जाते हैं और हैं और पूरी दुनिया यह बात समझ चुकी है। हम हर विकल्प के लिए तैयार हैं और वो (अमेरिका और इज़रायल) हैरान रह जाएंगे।”
गालिबफ ने एक अन्य बयान में कहा कि 14 सूत्रीय प्रस्ताव में ईरानी जनता के अधिकारों को स्वीकार करना ही एकमात्र रास्ता है। उन्होंने अमेरिका पर निशाना साधते हुए कहा कि देरी और टालमटोल का खामियाजा अंततः अमेरिकी नागरिकों को ही उठाना पड़ेगा।
इस बीच, ईरान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता Esmaeil Baghaei ने भी प्रेस कॉन्फ्रेंस में स्पष्ट किया कि ईरान की मांगें पूरी तरह वैध हैं। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में शांति स्थापित करना, होर्मुज जलडमरूमध्य में सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित करना, विदेशी बैंकों में फंसी संपत्तियों को वापस पाना और समुद्री गतिविधियों में बाधा रोकना—ये सभी बुनियादी अधिकारों से जुड़े मुद्दे हैं, न कि कोई अतिरिक्त मांगें।