जयपुर में सीजेपी के प्रदर्शन में हंगामा, फाउंडर अभिजीत दीपके को दो युवकों ने मारे थप्पड़

post 717 (1)

जयपुर। राजधानी जयपुर में सोमवार को कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के प्रदर्शन के दौरान उस समय हंगामे की स्थिति बन गई, जब पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके पर भीड़ के बीच दो युवकों ने कथित तौर पर हमला कर दिया।

जानकारी के अनुसार, प्रदर्शन स्थल पर पहुंचने के दौरान समर्थक अभिजीत दीपके को कंधों पर बैठाकर शहीद स्मारक की ओर ले जा रहे थे। इसी दौरान भीड़ में मौजूद दो युवकों ने उनके पास पहुंचकर उन्हें थप्पड़ मार दिए।

घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। दीपके के समर्थकों ने तुरंत दोनों युवकों को पकड़ लिया और उनके साथ मारपीट की। कुछ समय तक प्रदर्शन स्थल पर तनावपूर्ण माहौल बना रहा।

घटना के बाद मंच पर पहुंचे अभिजीत दीपके ने समर्थकों को संबोधित करते हुए सांप्रदायिक और जातिगत राजनीति पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि देश को धर्म और जाति के आधार पर बांटने की कोशिश की जा रही है, जबकि युवाओं को अपने अधिकारों और मूलभूत मुद्दों के लिए एकजुट होकर संघर्ष करना चाहिए।

दीपके ने 20 जून को दिल्ली कूच का ऐलान करते हुए कहा कि आंदोलन आगे भी जारी रहेगा और मांगें पूरी होने तक संघर्ष जारी रखा जाएगा। इस दौरान उन्होंने समर्थकों के साथ ‘दिल्ली चलो’ का नारा भी लगाया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ किया गया।

दरअसल, कॉकरोच जनता पार्टी की ओर से नीट पेपर लीक, शिक्षा व्यवस्था में सुधार, बढ़ती बेरोजगारी और युवाओं से जुड़े विभिन्न मुद्दों को लेकर जयपुर के शहीद स्मारक पर प्रदर्शन आयोजित किया गया था। प्रदर्शनकारी केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग कर रहे थे।

प्रदर्शन के दौरान कुछ युवकों के बीच विवाद की स्थिति भी बनी, जिसके बाद पुलिस ने एक युवक को हिरासत में लिया। वहीं, कई लोगों के मोबाइल फोन चोरी होने की शिकायत भी सामने आईं। मंच से लोगों को अपने सामान की सुरक्षा को लेकर सतर्क रहने की अपील की गई।

घटना के बाद पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था और सख्त कर दी है। प्रदर्शन में शामिल युवा तिरंगा और ‘पेपर लीक बंद करो’ व ‘मुझे देश से प्यार है, भ्रष्टाचार अस्वीकार है’ जैसे संदेश लिखे पोस्टर लेकर पहुंचे थे।

You may have missed