बीकानेर: हनुमान बेनीवाल की सुरक्षा में कटौती से लेकर किसानों के मुद्दों तक, आरएलपी का कलक्ट्रेट पर प्रदर्शन

बीकानेर। जनसमस्याओं को लेकर सोमवार को Rashtriya Loktantrik Party (आरएलपी) ने जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन किया। पार्टी कार्यकर्ताओं ने गांधी पार्क से रैली निकालकर कलक्ट्रेट पहुंचकर जिला कलक्टर के माध्यम से राज्य सरकार के नाम ज्ञापन सौंपा।
प्रदर्शन के दौरान आरएलपी नेताओं ने सांसद हनुमान बेनीवाल की सुरक्षा में कटौती, पीबीएम अस्पताल की अव्यवस्थाओं, किसानों की समस्याओं, नकली बीज के मामलों और कथित रिश्वत प्रकरण को प्रमुखता से उठाया। नेताओं ने इन सभी मुद्दों पर त्वरित कार्रवाई की मांग की।
आरएलपी नेताओं ने कहा कि जनहित से जुड़े मामलों की लगातार अनदेखी की जा रही है। उन्होंने सरकार से समस्याओं के समाधान के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग करते हुए चेतावनी दी कि यदि जल्द समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।
प्रदर्शन में आरएलपी नेता दानाराम घिंटाला, विजयपाल बेनीवाल और विवेक माचरा सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
गौरतलब है कि हाल ही में नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल की सुरक्षा व्यवस्था में बदलाव किया था। इसके तहत जयपुर पुलिस कमिश्नरेट के तीन पीएसओ को हटा दिया गया था। अब उनकी सुरक्षा में मुख्य रूप से नागौर जिला पुलिस के जवान ही तैनात रहेंगे।
सुरक्षा में बदलाव को लेकर हनुमान बेनीवाल ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा था कि उन्होंने सुरक्षा की मांग नहीं की, बल्कि प्रदेश के हजारों युवा हमेशा उनके साथ खड़े रहते हैं। उल्लेखनीय है कि करीब एक वर्ष पहले खुफिया एजेंसियों के अलर्ट के बाद उनकी सुरक्षा बढ़ाई गई थी।
हाल ही में जयपुर के बिधून स्थित भैराणा धाम में आयोजित महापंचायत के दौरान मुख्यमंत्री और मंत्रियों पर की गई उनकी कथित टिप्पणियों के बाद राजनीतिक माहौल गरमा गया था। ऐसे में सुरक्षा में कटौती को उसी घटनाक्रम से जोड़कर भी देखा जा रहा है।
नोट: खबर अपडेट की जा रही है।