ईंट भट्टों के बच्चों की किस्मत संवारेगी ‘उज्ज्वल पाठशाला’, 17 KYD में हुई शुरुआत

खाजूवाला ब्लॉक के 17 KYD गांव में ईंट भट्टों पर काम करने वाले बच्चों के भविष्य को रोशन करने के लिए ‘उज्ज्वल पाठशाला’ की शुरुआत की गई है। इस पहल से अब भट्टों पर काम करने वाले मजदूर परिवारों के बच्चों को निशुल्क शिक्षा मिल सकेगी।
पाठशाला के फाउंडर सुनील माहर ने बताया कि गांव एवं आसपास के ईंट भट्टों पर काम करने वाले सभी बच्चों को यहां निशुल्क शिक्षा दी जाएगी। साथ ही कॉपी, किताब, पेंसिल समेत पूरी शिक्षण सामग्री भी बिना किसी शुल्क के उपलब्ध करवाई जाएगी। उन्होंने कहा, “शिक्षा से ही बच्चों का समग्र विकास संभव है। हमारा उद्देश्य है कि ये बच्चे भी देश की मुख्यधारा से जुड़ें और अपना भविष्य उज्ज्वल बनाएं।

‘शिक्षा शेरनी का दूध है’ – CRPF जवान दुलीचंद टाक
उद्घाटन समारोह में मौजूद CRPF के जवान दुलीचंद टाक ने बच्चों का हौसला बढ़ाया। उन्होंने कहा, “शिक्षा एक ऐसा शेरनी का दूध है जो पियेगा वह दहाड़ेगा।” उन्होंने बच्चों को मन लगाकर पढ़ने और आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
भामाशाह भी आए आगे:-
इस नेक काम में खाजूवाला के मंगल सिंह रामगढ़िया ने भी सहयोग दिया। उन्होंने पाठशाला के बच्चों के लिए निशुल्क शिक्षण सामग्री उपलब्ध करवाई।
प्रशिक्षक संभालेंगे जिम्मेदारी:-
बच्चों को पढ़ाने का जिम्मा प्रशिक्षक दीनदयाल एवं सुमन वर्मा ने संभाला है। रोजाना तय समय पर बच्चों को पाठशाला में पढ़ाया जाएगा ताकि उनकी पढ़ाई के साथ-साथ संस्कारों पर भी ध्यान दिया जा सके।
‘उज्ज्वल पाठशाला’ की इस पहल से 17 KYD और आसपास के ईंट भट्टों पर काम करने वाले दर्जनों परिवारों में उम्मीद की नई किरण जगी है।