दर्दनाक हादसा: निर्माणाधीन बिल्डिंग में ढही मिट्टी, मलबे में दबकर 3 महिला मजदूरों की मौत

जयपुर। राजधानी जयपुर के करणी विहार क्षेत्र में गुरुवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। निर्माणाधीन बिल्डिंग में अचानक मिट्टी ढहने से तीन महिला मजदूर उसकी चपेट में आ गईं। हादसे में तीनों महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
जानकारी के अनुसार करणी विहार इलाके में एक निर्माणाधीन बिल्डिंग का कार्य चल रहा था। यहां कई मजदूर काम कर रहे थे। इसी दौरान अचानक मिट्टी का एक हिस्सा भरभराकर नीचे गिर पड़ा, जिससे वहां काम कर रही तीन महिला मजदूर मिट्टी के नीचे दब गईं।
सूचना मिलते ही पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुंचे। मलबा हटाने के लिए जेसीबी मशीनों की सहायता ली गई। काफी देर तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद तीनों महिलाओं को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। पुलिस ने घटनास्थल को सील कर दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
खबर अपडेट की जा रही है