Rajasthan News: सियासी घेराबंदी के बीच एक्शन में किरोड़ी लाल मीणा, कानोता रीको में खाद-बीज गोदामों पर मारी रेड

जयपुर। राजस्थान की राजनीति में कृषि विभाग में सामने आए कथित भ्रष्टाचार और रिश्वतखोरी के मामलों को लेकर सियासी माहौल गर्म बना हुआ है। मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस लगातार प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कृषि मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीणा के इस्तीफे की मांग कर रही है। इसी बीच राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोपों के दौर के बीच कृषि मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीणा गुरुवार को अचानक जयपुर के कानोता स्थित रीको क्षेत्र पहुंच गए और खाद-बीज कारोबार से जुड़े प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया।
बताया जा रहा है कि मंत्री को किसानों को घटिया खाद-बीज उपलब्ध कराने और खाद की कालाबाजारी से जुड़ी शिकायतें मिली थीं। इसके बाद उन्होंने बिना पूर्व सूचना के अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंचकर जांच शुरू करवाई।
कानोता के हीरावला रीको क्षेत्र में हड़कंप:
जयपुर के कानोता औद्योगिक क्षेत्र के हीरावला रीको संभाग में जैसे ही कृषि मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीणा की गाड़ियों का काफिला अचानक प्रशासनिक अधिकारियों के साथ पहुंचा, तो वहां अवैध रूप से खाद और बीज का स्टॉक करने वाले व्यापारियों और नकली खाद-बीज लॉबी के भीतर हड़कंप मच गया।
मंत्री ने बिना किसी औपचारिक औपचारिकता के सीधे संदिग्ध गोदामों और फैक्ट्रियों का रुख किया। वहां मौजूद स्टॉक रजिस्टरों, खाद की बोरियों और बीज के पैकेटों की गुणवत्ता की कृषि विशेषज्ञों की टीम के जरिए गहनता से जांच करवाई जा रही है।
मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बिना वैध लाइसेंस के भंडारण या निर्धारित सीमा से अधिक यूरिया और डीएपी खाद का स्टॉक मिलने पर संबंधित गोदामों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि किसानों के हितों से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।
राजनीतिक आरोपों के बीच एक्शन मोड में मंत्री:-
यह कार्रवाई ऐसे समय में रही है, जब राजस्थान राज्य बीज निगम के पूर्व निदेशक जुगल किशोर बिश्नोई के खिलाफ एसीबी कार्रवाई के बाद कृषि मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीणा को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। वहीं, उनके भाई जगमोहन मीणा भी हाल ही में खाद-बीज कारोबार से जुड़ी लॉबी द्वारा साजिश रचे जाने का आरोप लगा चुके हैं।
इन सबके बीच डॉ. किरोड़ी लाल मीणा का यह जमीनी एक्शन यह साफ संदेश देता है कि वे किसी भी तरह के राजनैतिक दबाव या चक्रव्यूह के आगे झुकने वाले नहीं हैं। उन्होंने मौके पर मौजूद मीडियाकर्मियों से कहा कि किसानों को गुणवत्तापूर्ण खाद और बीज उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिकता है तथा किसी भी प्रकार की अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। किसानों को सही गुणवत्ता के कृषि उत्पाद उचित मूल्य पर उपलब्ध कराना ही विभाग का मुख्य उद्देश्य है।