प्रेम प्रसंग के शक में युवक की पीट-पीटकर हत्या, गांव में तनाव

भरतपुर। जिले के रुदावल थाना क्षेत्र के सिंघाड़ा गांव में गुरुवार को एक युवक की कथित रूप से लाठी-डंडों से पीट-पीटकर हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। घटना के पीछे प्रेम प्रसंग की आशंका जताई जा रही है। गंभीर हालत में युवक को परिजन रुदावल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है और एहतियातन पुलिस बल तैनात किया गया है।
मृतक की पहचान सौरभ जाटव के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार गुरुवार तड़के गांव के कुछ लोगों ने उसे पकड़ लिया और उसके साथ मारपीट की। गंभीर रूप से घायल सौरभ को परिजन अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
मृतक के चाचा हरभान सिंह ने रुदावल थाने में रिपोर्ट दर्ज कराते हुए गांव के ही हीराराम, भरतराम, नाहर सिंह समेत अन्य लोगों पर मारपीट का आरोप लगाया है। परिजनों का कहना है कि सौरभ सुबह दौड़ लगाने के लिए घर से निकला था, तभी उसे घेरकर हमला किया गया।
प्रारंभिक जानकारी में सामने आया है कि मामला एक नाबालिग बालिका से जुड़े प्रेम प्रसंग से संबंधित हो सकता है। बालिका चिकसाना क्षेत्र के एक गांव की निवासी बताई जा रही है। स्थानीय स्तर पर चर्चा है कि युवक उससे मिलने गया था। हालांकि पुलिस ने अभी तक इस संबंध में कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की है और सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही रुदावल और बयाना से पुलिस जाब्ता मौके पर पहुंचा। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए गांव में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। वहीं वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने के लिए भरतपुर से एफएसएल और एमओबी टीम को भी बुलाया गया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और वैज्ञानिक जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।