खाजूवाला में चाइनीज मांझे पर सख्ती, पुलिस-प्रशासन ने चलाया सर्च अभियान

खाजूवाला। क्षेत्र में प्रतिबंधित चाइनीज मांझे के बढ़ते खतरे को लेकर प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। इसी क्रम में खाजूवाला थाना पुलिस ने स्थानीय बाजार में विशेष सर्च अभियान चलाकर दुकानों की गहन जांच की।
जानकारी के अनुसार, हाल ही में देशनोक में चाइनीज मांझे की चपेट में आने से एक मासूम की मौत के बाद पूरे जिले में सतर्कता बढ़ा दी गई है। पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा के निर्देश पर खाजूवाला पुलिस ने बाजार में पहुंचकर चाइनीज मांझे की बिक्री को लेकर सघन जांच-पड़ताल की।
अभियान के दौरान बाजार में कहीं भी चाइनीज मांझा नहीं मिला, जिस पर थानाधिकारी सुरेन्द्र प्रजापत ने संतोष व्यक्त किया। उन्होंने आमजन से अपील करते हुए कहा कि चाइनीज मांझे का पूरी तरह बहिष्कार करें और केवल सुरक्षित व पारंपरिक मांझे का ही उपयोग करें।
वहीं, जिला कलेक्टर के आदेशों की पालना में नगरपालिका की ओर से भी कार्रवाई की गई। अधिशाषी अधिकारी सोहन लाल के निर्देशानुसार टीम गठित कर कनिष्ठ अभियंता विकास ज्याणी के नेतृत्व में बाजार का आकस्मिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान कहीं भी चाइनीज मांझे की बिक्री नहीं पाई गई।
नगरपालिका टीम ने मांझा बेचने वाले दुकानदारों को सख्त निर्देश दिए कि वे चाइनीज मांझे की बिक्री नहीं करें। साथ ही चेतावनी दी गई कि यदि कोई दुकानदार प्रतिबंधित मांझा बेचता पाया गया तो उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करते हुए जुर्माना लगाया जाएगा।
प्रशासन ने आगामी आखातीज और बीकानेर नगर स्थापना दिवस पर होने वाले पतंग उत्सव को देखते हुए नागरिकों से नियमों का पालन करने और सुरक्षित तरीके से त्योहार मनाने की अपील की है।