Road Accident: दो बसों की आमने-सामने भीषण भिडंत, आधा दर्जन से अधिक यात्री घायल, दो की हालत गंभीर

Road Accident: राजस्थान के डीग जिले में बृज नगर-अलवर मार्ग पर एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। चिरावल गुर्जर गांव के पास दो बसों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे में करीब आधा दर्जन यात्री घायल हुए हैं, जिनमें दो की हालत गंभीर बताई जा रही है।
ओवरटेक के दौरान हुआ हादसा:-
थाना प्रभारी लाखन सिंह के अनुसार, एक बस बृज नगर से अपने कर्मचारियों को लेकर अलवर की ओर जा रही थी। इसी दौरान सामने से आ रही दूसरी बस, जो अलवर से आगरा की ओर जा रही थी, से टक्कर हो गई। बताया जा रहा है कि ओवरटेक करने की कोशिश और तेज रफ्तार के कारण ड्राइवर नियंत्रण खो बैठा, जिससे यह हादसा हुआ।
राहगीरों ने किया रेस्क्यू:-
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों बसों के अगले हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और घायलों को बसों से बाहर निकालने में मदद की।
पुलिस और एंबुलेंस ने संभाला मोर्चा:-
सूचना मिलते ही बृज नगर थाना पुलिस और 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची। सभी घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया।
2 की हालत गंभीर:-
डॉक्टरों के मुताबिक, दो घायलों की हालत गंभीर होने पर उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर किया गया है, जबकि अन्य चार घायलों का इलाज जारी है। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर मार्ग पर यातायात बहाल कर दिया है।