दर्दनाक हादसा: कुएं में गिरी पत्नी, बचाने कूदा पति, दोनों की डूबने से मौत

post 1811 (1)

दर्दनाक हादसा: कुएं में गिरी पत्नी, बचाने कूदा पति, दोनों की डूबने से मौत

अजमेर जिले के टॉडगढ़ क्षेत्र के हामा देवरी (काना खेजड़ी) गांव में एक हृदयविदारक घटना ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया। बकरियों को पानी पिलाने के दौरान कुएं में गिरी पत्नी को बचाने के लिए पति ने बिना देर किए छलांग लगा दी, लेकिन 60 फीट गहरे कुएं में दोनों की डूबने से मौत हो गई।

पैर फिसलने से हुआ हादसा:-

जानकारी के अनुसार, अनीता देवी (38) पत्नी अर्जुन सिंह (42) बकरियों को पानी पिलाने के लिए कुएं पर गई थीं। इसी दौरान उनका पैर फिसल गया और वह कुएं में गिर गईं। पत्नी को डूबता देख अर्जुन सिंह तुरंत उसे बचाने के लिए कूद गए, लेकिन गहराई और पानी अधिक होने के कारण दोनों बाहर नहीं निकल सके।

ग्रामीणों और पुलिस ने निकाले शव:-

घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी गई। टॉडगढ़ थाना पुलिस और ग्रामीणों की मदद से काफी मशक्कत के बाद कुएं का पानी निकालकर दोनों के शव बाहर निकाले गए। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए।

शादी की खुशियां बदलीं मातम में:-

सबसे दर्दनाक पहलू यह है कि दंपती की दो बेटियों की शादी 26 अप्रैल को होने वाली थी। घर में जहां शादी की तैयारियां चल रही थीं, वहीं अब मातम का माहौल छा गया है। परिवार के तीन बच्चों के सिर से माता-पिता का साया उठ गया।

पुलिस कर रही जांच:-

थानाधिकारी सुरेंद्र सिंह रावत के अनुसार, प्रथम दृष्टया यह हादसा प्रतीत हो रहा है। फिलहाल पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।