Road Accident: सांवरिया सेठ के दर्शन कर लौट रहे श्रद्धालुओं की बस हादसे का शिकार, 3 की मौत

post 07 (1)

Road Accident: जयपुर-अजमेर राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच-48) पर सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि चार अन्य घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ जब खराबी के कारण हाईवे किनारे खड़ी एक निजी बस को पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी।

पुलिस के अनुसार दुर्घटना मोखमपुरा थाना क्षेत्र के महला गांव के पास सुबह करीब 5 बजे हुई। सभी यात्री चित्तौड़गढ़ के सांवरिया सेठ मंदिर के दर्शन कर वापस जयपुर लौट रहे थे। इसी दौरान बस का एक्सेल टूट जाने से चालक ने बस को सड़क किनारे खड़ा कर दिया था। कुछ ही देर बाद पीछे से आए एक तेज रफ्तार ट्रक ने बस को जोरदार टक्कर मार दी।

मोखमपुरा थानाधिकारी सुरेश गुर्जर ने बताया कि हादसे में मधुरज, सावरा और राहुल की मौत हो गई। इनमें दो श्रद्धालुओं ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि एक ने अस्पताल ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया।

दुर्घटना में चार अन्य लोग घायल हुए हैं। सभी को तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से एक गंभीर घायल को प्राथमिक उपचार के बाद जयपुर के सवाई मानसिंह अस्पताल रेफर किया गया।

हादसे के बाद पुलिस और स्थानीय लोगों ने राहत एवं बचाव कार्य चलाकर घायलों को बस से बाहर निकाला। मृतकों के शव उपजिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाए गए हैं तथा परिजनों को सूचना दे दी गई है।

पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को जब्त कर लिया है और फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है। मामले की जांच जारी है।