बीकानेर: सोलर प्लांट में काम के दौरान हादसा, मजदूर की मौत; ग्रामीणों ने लगाया लापरवाही का आरोप

बीकानेर। पूगल थाना क्षेत्र के करणीसर भाटियान गांव स्थित निर्माणाधीन अवाडा सोलर प्लांट में रविवार को हुए हादसे के बाद ग्रामीणों और मजदूरों में आक्रोश फैल गया। हादसे में एक श्रमिक की मौत के बाद लोगों ने प्लांट के बाहर प्रदर्शन करते हुए कंपनी प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाया और मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा देने की मांग की।
जानकारी के अनुसार मोतीगढ़ निवासी ईश्वर सिंह (35) पुत्र किशन सिंह निर्माणाधीन सोलर प्लांट में दिहाड़ी मजदूर के रूप में कार्यरत थे। रविवार सुबह करीब 10 बजे प्लांट में लोडिंग-अनलोडिंग का कार्य चल रहा था। इसी दौरान क्रेन का बेल्ट अचानक टूट गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायल मजदूर को तुरंत पीबीएम अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान रविवार शाम करीब 4 बजे उनकी मौत हो गई।
हादसे के बाद ग्रामीणों और साथी मजदूरों ने आरोप लगाया कि प्लांट में पुराने और जर्जर उपकरणों का इस्तेमाल किया जा रहा था। उनका कहना है कि सुरक्षा मानकों की अनदेखी के कारण यह हादसा हुआ।
घटना की सूचना मिलते ही आसपास के गांवों के लोग बड़ी संख्या में मौके पर पहुंचे और प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने मृतक के परिवार को 5 करोड़ रुपये मुआवजा, परिवार के एक सदस्य को स्थायी नौकरी, पत्नी को 30 हजार रुपये मासिक पेंशन, बच्चों की शिक्षा की जिम्मेदारी, पांच अन्य लोगों को संविदा पर रोजगार और आवास उपलब्ध कराने की मांग की।
फिलहाल पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर मौजूद हैं तथा ग्रामीणों से वार्ता कर स्थिति सामान्य बनाने का प्रयास कर रहे हैं। साथ ही हादसे के कारणों और सुरक्षा व्यवस्था में लापरवाही के आरोपों की जांच भी शुरू कर दी गई है।
बड़ा सवाल: क्या सुरक्षा मानकों का पालन होता तो यह हादसा टाला जा सकता था?