बीकानेर: पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 18 मामलों में वांछित हिस्ट्रीशीटर गिरफ्तार

बीकानेर। संगठित अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत कोटगेट थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सदर थाना क्षेत्र के हिस्ट्रीशीटर और आदतन अपराधी मोहम्मद इरफान उर्फ मोडिया को गिरफ्तार किया है। आरोपी संगठित अपराध से जुड़े एक मामले में लंबे समय से फरार चल रहा था।
पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई बीकानेर रेंज आईजी ओमप्रकाश के निर्देशन और एसपी मृदुल कच्छावा के नेतृत्व में चल रहे अभियान के तहत की गई। एएसपी (शहर) चक्रवर्ती सिंह राठौड़ के नेतृत्व तथा सीओ सिटी अनुज डाल के सुपरविजन में कोटगेट थानाधिकारी धीरेन्द्र सिंह और स्पेशल टीम प्रभारी सुरजीत सिंह की संयुक्त टीम ने तकनीकी साक्ष्यों एवं मुखबिर की सूचना के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान मोहम्मद इरफान उर्फ मोडिया (22) पुत्र गनी मोहम्मद निवासी कुचीलपुरा, थाना सदर, बीकानेर के रूप में हुई है। वह थाना कोटगेट के प्रकरण संख्या 278/2025 में वांछित चल रहा था।
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक आरोपी सदर थाना का हिस्ट्रीशीटर है। उसके खिलाफ गैंग बनाकर फायरिंग, लूट, डकैती, धमकी देने और लोगों में दहशत फैलाने समेत विभिन्न थानों में 18 आपराधिक मामले दर्ज हैं।
पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर रिमांड पर लिया है। फिलहाल उससे गैंग के अन्य सदस्यों, आपराधिक नेटवर्क और अन्य मामलों के संबंध में पूछताछ की जा रही है।