बीकानेर: खेत जा रहे युवक पर लाठी-सरियों से हमला, पांच लोगों के खिलाफ मामला दर्ज

post 01 (1)

बीकानेर। नापासर थाना क्षेत्र के गुसाईसर छोटा गांव में पुरानी रंजिश के चलते एक युवक पर लाठी-सरियों और लोहे की रॉड से हमला करने का मामला सामने आया है। पीड़ित की मां की शिकायत पर पुलिस ने पांच नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार गुसाईसर छोटा निवासी 60 वर्षीय सोना देवी ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि 27 जून की रात करीब 8 बजे उनका पुत्र लिछराम (35) बाइक से खेत जा रहा था। आरोप है कि उसका बड़ा भाई भेराराम, रामनिवास, दिलीप, कालूराम और मानीदेवी उसका पीछा करते हुए खेत पहुंचे और वहां उस पर लाठियों, सरियों और लोहे की रॉड से हमला कर दिया।

हमले में लिछराम के पैर में गंभीर चोट आई। परिजन उसे तुरंत पीबीएम अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसका उपचार जारी है। रिपोर्ट में यह भी आरोप लगाया गया है कि बीच-बचाव करने पहुंचे परिवार के अन्य सदस्यों के साथ भी मारपीट की गई तथा गाली-गलौज कर जान से मारने की धमकी दी गई।

परिवादिया के अनुसार दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से विवाद चला आ रहा है और पहले भी मारपीट की घटनाएं हो चुकी हैं। इस कारण परिवार भय के माहौल में रह रहा है।

थानाधिकारी सुषमा शेखावत ने बताया कि शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। मामले की जांच हेड कांस्टेबल शक्ति सिंह को सौंपी गई है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।