Road Accident : चींटियों को आटा डालने निकली बुजुर्ग महिला को कंटेनर ने कुचला, मौके पर मौत

Road Accident : चालक की लापरवाही ने एक बार फिर हंसते-खेलते परिवार की खुशियां उजाड़ दी हैं। जयपुर रोड बाईपास पर गुरुवार सुबह करीब 6 बजे एक कंटेनर ने सड़क किनारे जा रही बुजुर्ग महिला को पीछे से टक्कर मार दी। इस टक्कर में महिला की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद चालक वाहन सहित फरार हो गया। पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
पुलिस के अनुसार मृतका की पहचान 60 वर्षीय मेवा देवी पत्नी स्वर्गीय बलदेव प्रजापत निवासी डेहलडी ढाणी के रूप में हुई है। बताया गया कि मेवा देवी रोजाना की तरह सुबह धार्मिक आस्था के तहत चींटियों को आटा डालने के लिए घर से निकली थीं।
वह जैसे ही जयपुर रोड बाईपास से अलवर मार्ग पर बालाजी धर्मकांटा के पास पहुंचीं। इसी दौरान पीछे से आए एक कंटेनर ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। सीसीटीवी फुटेज में दिखाई दे रहा है कि महिला सड़क किनारे चल रही थी, तभी कंटेनर आगे बढ़ते हुए उसे टक्कर मार देता है। हादसा इतना गंभीर था कि महिला की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद आसपास के लोग और राहगीर बड़ी संख्या में मौके पर एकत्र हो गए। सूचना मिलने पर नारायणपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर एम्बुलेंस से नारायणपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने महिला को मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी कर शव परिजनों को सौंप दिया है। हादसे के बाद परिजनों में शोक का माहौल है। पुलिस ने लापरवाही से वाहन चलाने का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर कंटेनर और उसके चालक की पहचान करने के प्रयास किए जा रहे हैं।