शहर में इस जगह तीन स्पा सेंटरों पर छापा, 14 महिला-पुरुष गिरफ्तार

post 842 (1)

जयपुर। अवैध रूप से संचालित स्पा सेंटरों और नियमों के उल्लंघन पर कार्रवाई करते हुए बजाज नगर थाना पुलिस ने सोमवार को विशेष जांच अभियान चलाया। इस दौरान गाइडलाइन की अवहेलना पाए जाने पर 10 महिलाओं और 4 पुरुषों समेत कुल 14 लोगों को गिरफ्तार किया गया।

डीसीपी ईस्ट रंजिता शर्मा ने बताया कि बजाज नगर क्षेत्र में संचालित स्पा सेंटरों के संचालकों को पहले ही पुलिस कमिश्नरेट की ओर से जारी दिशा-निर्देशों की जानकारी दी गई थी। साथ ही नियमों की अनदेखी करने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई थी।

इसी क्रम में सोमवार को पुलिस टीम ने महिला पुलिसकर्मियों के साथ विभिन्न स्पा सेंटरों का निरीक्षण किया। जांच के दौरान टोंक रोड स्थित एलिस थाई स्पा, लक्ष्मी मंदिर के निकट संचालित ब्लू स्टार थाई स्पा और विवेक विहार स्थित बुर्ज फैमिली थाई स्पा में निर्धारित नियमों का उल्लंघन पाया गया।

पुलिस ने कार्रवाई करते हुए धारा 170 बीएनएसएस के तहत 14 लोगों को गिरफ्तार किया। अधिकारियों के अनुसार स्पा सेंटरों में नियमों की पालना सुनिश्चित कराने के लिए आगे भी नियमित रूप से निरीक्षण और कार्रवाई जारी रहेगी।

पुलिस ने क्षेत्र के सभी स्पा एवं मसाज पार्लर संचालकों से निर्धारित गाइडलाइन का पालन करने और नियमों के अनुरूप संचालन करने की अपील की है।