खाजूवाला उपखंड कार्यालय में होगी जनसुनवाई; विधायक डॉ. विश्वनाथ मेघवाल सुनेंगे आमजन की समस्याएं

post 76 (1)

खाजूवाला। क्षेत्र की आमजन समस्याओं के त्वरित समाधान और प्रशासन से सीधा संवाद स्थापित करने के उद्देश्य से 6 मई, बुधवार को एक विशेष जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। यह कार्यक्रम खाजूवाला विधायक डॉ. विश्वनाथ मेघवाल की अध्यक्षता में दोपहर 11:45 बजे उपखंड कार्यालय परिसर में आयोजित होगा।

उपखंड अधिकारी के निर्देशानुसार जनसुनवाई में खाजूवाला ब्लॉक के सभी विभागों के ब्लॉक स्तरीय अधिकारी और विभागाध्यक्षों की उपस्थिति अनिवार्य रखी गई है, ताकि मौके पर ही समस्याओं का समाधान किया जा सके। प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि बिना सूचना अनुपस्थित रहने वाले अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और उनकी व्यक्तिगत जिम्मेदारी तय होगी।

भाजपा मंडल अध्यक्ष प्रशांत बिश्नोई ने बताया कि विधायक की इस पहल से लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए इधर-उधर भटकना नहीं पड़ेगा। उन्होंने कहा कि जनसुनवाई में मंडल के कार्यकर्ता भी मौजूद रहेंगे, जो आमजन की मदद करेंगे।

सभी नागरिकों से अपील की गई है कि वे निर्धारित समय पर उपखंड कार्यालय पहुंचकर अपनी समस्याएं और सुझाव सीधे विधायक एवं संबंधित अधिकारियों के समक्ष प्रस्तुत करें, ताकि उनका त्वरित निस्तारण हो सके।