‘राजस्थान में जो नेता अपनी सीट नहीं बचा पाए वो बंगाल में जीत कैसे दिलाएंगे? राजेंद्र राठौड़ को क्रेडिट देने पर डोटासरा का सवाल

Jaipur News: पश्चिम बंगाल की भवानीपुर सीट पर हुए उपचुनाव को लेकर सियासत तेज हो गई है और इसकी गूंज अब राजस्थान तक सुनाई दे रही है। दरअसल, बंगाल के भाजपा नेता सुवेंदु अधिकारी ने जीत का श्रेय राजस्थान के वरिष्ठ नेता राजेंद्र राठौड़ और उनकी टीम को दिया। इस बयान पर मंगलवार को जयपुर में प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में प्रतिक्रिया देते हुए गोविंद सिंह डोटासरा ने इसे “अजीबोगरीब” बताते हुए भाजपा पर तंज कसा।
‘अपनी सीट नहीं बचा पाए, बंगाल में क्या जीत दिलाएंगे?’
डोटासरा ने तीखा हमला बोलते हुए कहा कि जिन नेताओं में अपने ही राज्य में चुनाव जीतने की क्षमता नहीं है, वे दूसरे राज्य में जीत का दावा कैसे कर सकते हैं। उन्होंने कैलाश चौधरी और अरुण चतुर्वेदी का भी जिक्र करते हुए कहा कि ऐसे दावे जनता के गले नहीं उतरते।
कांग्रेस की रणनीति पर दिया जोर
डोटासरा ने कहा कि कांग्रेस में जिम्मेदारियां सोच-समझकर दी जाती हैं। पार्टी केवल उन्हीं नेताओं को दूसरे राज्यों में भेजती है, जिनका ट्रैक रिकॉर्ड मजबूत होता है। उदाहरण देते हुए उन्होंने सचिन पायलट का नाम लिया और बताया कि उन्हें केरल चुनाव में ऑब्जर्वर बनाकर भेजा गया था, जहां पार्टी को इसका लाभ मिला।
बीजेपी को खुली चुनौती:-
डोटासरा ने भाजपा को चुनौती देते हुए कहा कि यदि उन्हें अपनी रणनीति पर भरोसा है, तो राजस्थान में निकाय और पंचायत चुनाव कराकर दिखाएं। उन्होंने कहा कि ऐसा होते ही भाजपा के दावों की सच्चाई जनता के सामने आ जाएगी।