खाजूवाला पुलिस की बड़ी कार्रवाई : दो मामलों में फरार आरोपियों को किया गिरफ्तार

खाजूवाला, पुलिस मुख्यालय के एरिया डोमिनेशन अभियान के तहत खाजूवाला थाना पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में लंबे समय से फरार चल रहे आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। यह कार्रवाई बीकानेर रेंज के महानिरीक्षक पुलिस के निर्देशन तथा पुलिस अधीक्षक बीकानेर के आदेशों के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण और वृत्ताधिकारी खाजूवाला के सुपरविजन में की गई।
पहले मामले में थाना खाजूवाला के मुकदमा संख्या 361/2025 में सात माह से फरार चल रहे आरोपी कानाराम पुत्र मालूराम उम्र 27 वर्ष निवासी सियासर चौगान को गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार, यह मामला एक व्यक्ति को रुपये की मांग कर लगातार प्रताड़ित करने से जुड़ा है, जिसके चलते पीड़ित ने कथित रूप से जहरीला पदार्थ पीकर आत्महत्या कर ली थी। इस संबंध में परिजनों की रिपोर्ट पर मामला दर्ज किया गया था। आरोपी की गिरफ्तारी के बाद पुलिस उससे पूछताछ कर मामले की विस्तृत जांच कर रही है।
दूसरे मामले में थाना खाजूवाला के मुकदमा संख्या 151/2026 में 13 वर्षीय बालिका से दुष्कर्म सहित गंभीर धाराओं एवं पॉक्सो एक्ट के तहत दर्ज प्रकरण में आरोपी कृष्णलाल पुत्र दलीपराम उम्र 36 वर्ष निवासी चक 01 केजेडी को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर अग्रिम अनुसंधान शुरू कर दिया है।
खाजूवाला पुलिस ने बताया कि अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा तथा फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें सक्रिय रूप से कार्रवाई कर रही हैं।