खाजूवाला: इलेक्ट्रॉनिक गोदाम में लगी भीषण आग, लाखों का सामान जलकर खाक

post 828 (1)

खाजूवाला, कस्बे में सोमवार को रिद्धि सिद्धि इलेक्ट्रॉनिक्स के गोदाम में भीषण आग लगने से लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया। गोदाम में आगजनी के कारणों का पता नही चल पाया है।

आग लगने से गोदाम में रखे इलेक्ट्रॉनिक सामान को भारी नुकसान पहुंचा। गोदाम संचालक के अनुसार करीब 20 लाख रुपये मूल्य के इलेक्ट्रॉनिक आइटम आग में जल गए। आग की लपटें और धुआं दूर तक दिखाई देने से क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया तथा बड़ी संख्या में लोग मौके पर एकत्र हो गए।

घटना के दौरान नगर पालिका की व्यवस्थाओं पर भी सवाल खड़े हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मौके पर पहुंची नगर पालिका की फायर ब्रिगेड समय पर शुरू नहीं हो सकी तथा फायर ब्रिगेड ऑपरेटर भी मौके पर मौजूद नहीं थे। इसके बाद स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पानी के टैंकरों को बुलाया गया। टैंकरों और स्थानीय लोगों के सहयोग से आग पर काबू पाने के प्रयास शुरू किए गए और काफी मशक्कत के बाद आग को नियंत्रित किया गया। वही नगरपालिका की टीम भी मौजूद रही।

आग की चपेट में आने से आसपास स्थित मकानों की दीवारों को भी नुकसान पहुंचने की आशंका जताई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम भी मौके पर पहुंची और स्थिति पर नजर रखी। आग लगने के कारणों और हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है। स्थानीय लोगों ने नगरपालिका की अग्निशमन व्यवस्था पर नाराजगी व्यक्त करते हुए इसकी जांच की मांग की है।