खाजूवाला: ठगी मामले में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, दूसरा आरोपी गिरफ्तार

खाजूवाला: ठगी मामले में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, दूसरा आरोपी गिरफ्तार
बीकानेर के खाजूवाला क्षेत्र में ठगी से जुड़े एक मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। थानाधिकारी सुरेन्द्र प्रजापत के नेतृत्व में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने मामले में दूसरे आरोपी सोनूराम मेघवाल को दबोच लिया है। इससे पूर्व पुलिस इस प्रकरण में आरोपी सुनिल बिश्नोई को गिरफ्तार कर चुकी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 14 बीडी निवासी मुकेश की ओर से दर्ज कराए गए परिवाद के आधार पर मामले की जांच की जा रही थी। जांच के दौरान खुलासा हुआ कि आरोपी भोले-भाले लोगों से उनके बैंक खाते लेकर उन्हें कुछ पैसों का लालच देते थे और बाद में उन्हीं खातों का इस्तेमाल कथित रूप से अवैध लेनदेन और ठगी जैसे मामलों में किया जाता था।
पुलिस ने आरोपी सुनिल बिश्नोई के कब्जे से 15 बैंक चेकबुक, 11 बैंक पासबुक, 7 सिम कार्ड और अलग-अलग बैंकों के 19 एटीएम कार्ड बरामद किए हैं। वहीं मामले में दूसरे आरोपी सोनूराम मेघवाल पुत्र ख्यालीराम निवासी वार्ड नंबर 05, 4 केवाईडी को गिरफ्तार कर पूछताछ शुरू कर दी गई है।
पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका और ठगी के संभावित कनेक्शन की गहन जांच में जुटी हुई है।