Road Accident: तेज रफ़्तार बस अनियंत्रित होकर पलटी, तीन यात्री गंभीर घायल

Road Accident: राजस्थान में गुरुवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा सामने आया। यह हादसा कोटा-झालावाड़ नेशनल हाईवे-52 पर ढेह कस्बे के निकट हुआ, जहां मोड़क थाना क्षेत्र के सहरावदा गांव के पास एक तेज रफ्तार निजी यात्री बस अचानक अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे खेत में पलट गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। दुर्घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकालने का प्रयास शुरू किया। बस में 20 से अधिक यात्री सवार बताए जा रहे हैं, जिनमें कई लोग घायल हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों और यात्रियों से मिली जानकारी के अनुसार, निजी बस नागपुर से दिल्ली की ओर जा रही थी। इसी दौरान सहरावदा बस स्टैंड के पास चालक ने एक अन्य वाहन को ओवरटेक करने का प्रयास किया, लेकिन तेज रफ्तार के कारण वह बस पर नियंत्रण नहीं रख सका। नियंत्रण बिगड़ते ही बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खेत में जा पलटी। हादसा इतना भीषण था कि बस बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
3 यात्री गंभीर घायल:-
घटना की सूचना मिलते ही मोड़क थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। स्थानीय लोगों की मदद से यात्रियों को बस से बाहर निकाला। इसके बाद सभी घायलों को 108 एंबुलेंस की मदद से नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका प्राथमिक उपचार किया गया। चिकित्सकों ने तीन यात्रियों की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें बेहतर उपचार के लिए झालावाड़ रेफर कर दिया, जबकि चार से पांच अन्य यात्रियों को मामूली चोटें आने की जानकारी सामने आई है।
हादसे के बाद नेशनल हाईवे-52 पर कुछ समय के लिए यातायात बाधित हो गया, जिससे सड़क पर जाम जैसी स्थिति बन गई। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर यातायात को सामान्य कराया। दुर्घटनाग्रस्त बस को हटाने के बाद हाईवे पर आवाजाही दोबारा सुचारू रूप से शुरू कर दी गई। पुलिस ने मामले की जांच प्रारंभ कर दी है। प्रारंभिक जांच में हादसे की संभावित वजह तेज रफ्तार और लापरवाहीपूर्वक ओवरटेक करना माना जा रहा है। वहीं, अन्य यात्रियों को वैकल्पिक बस की व्यवस्था कर उनके गंतव्य के लिए रवाना कर दिया गया।