खाजूवाला: पेड़ की छंगाई के दौरान गिरने से बुजुर्ग किसान की मौत

खाजूवाला। क्षेत्र के 05 केवाईडी गांव में पेड़ की छंगाई करते समय एक दर्दनाक हादसे में बुजुर्ग किसान की मौत हो गई। मृतक की पहचान चक 05 केवाईडी निवासी दलीप कुमार (60) के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, दलीप कुमार अपने खेत में कृषि कार्य के दौरान पेड़ की छंगाई कर रहे थे। इसी दौरान संतुलन बिगड़ने से वह पेड़ से नीचे गिर गए, जिससे उनके सिर में गंभीर चोट लग गई।
परिजन उन्हें तुरंत खाजूवाला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने सिर में गहरी चोट होने व बेहोश होने के कारण उन्हें बीकानेर रेफर कर दिया। बीकानेर अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने दलीप कुमार को मृत घोषित कर दिया।
इस संबंध में मृतक के भतीजे रामकुमार ने मर्ग रिपोर्ट दर्ज करवाई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।