जयपुर: फर्जी कॉल सेंटर का भंडाफोड़, क्रिप्टो निवेश के नाम पर साइबर ठगी; महिला समेत तीन गिरफ्तार

जयपुर। राजधानी जयपुर के विद्याधर नगर थाना क्षेत्र में संचालित एक फर्जी कॉल सेंटर का पुलिस ने खुलासा किया है। जयपुर कमिश्नरेट की स्पेशल टीम ने कार्रवाई करते हुए क्रिप्टो करेंसी और यूएसडीटी (USDT) में निवेश के नाम पर लोगों से कथित ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। मामले में एक महिला सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस के अनुसार आरोपी निवेशकों को महज 70 दिनों में रकम दोगुनी करने का लालच देकर अपने जाल में फंसाते थे। इसके लिए वे विभिन्न ऑनलाइन प्लेटफॉर्म और फर्जी निवेश योजनाओं का सहारा लेते थे। आरोपियों के खिलाफ विद्याधर नगर थाने में बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
जयपुर पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राजेंद्र बाजिया, संजय स्वामी और रेणुका गढ़वाल के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि ये लोग HLX, JUPITER, AiPF और Value City जैसे नामों से कथित निवेश योजनाएं संचालित कर रहे थे। पुलिस का मानना है कि बड़ी संख्या में लोगों से निवेश करवाने के बाद सेंटर बंद कर फरार होने की योजना थी।
स्पेशल टीम को सूचना मिली थी कि विद्याधर नगर क्षेत्र में एक कॉल सेंटर के माध्यम से लोगों को क्रिप्टो निवेश पर भारी मुनाफे का झांसा देकर रकम जुटाई जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस ने दबिश देकर कार्रवाई को अंजाम दिया।
जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी ब्लॉकचेन तकनीक और तथाकथित ‘मीम कॉइन’ का इस्तेमाल कर निवेशकों को आकर्षित करते थे। उन्हें नकली प्लेटफॉर्म पर फर्जी लाभ दिखाया जाता था, जबकि वास्तविक रूप से निवेश की गई रकम आरोपियों के नियंत्रण में चली जाती थी।
पुलिस को अब तक 50 से अधिक लोगों के साथ ठगी किए जाने की आशंका है। आरोपियों से पूछताछ जारी है और यह पता लगाया जा रहा है कि उन्होंने कितनी राशि जुटाई तथा किन-किन राज्यों के लोगों को निशाना बनाया।
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि निवेश पर असामान्य और त्वरित मुनाफे के दावों से सावधान रहें तथा किसी भी संदिग्ध ऑनलाइन निवेश योजना में धन लगाने से पहले पूरी जांच-पड़ताल करें।