बीकानेर: ऑपरेशन नीलकंठ के तहत पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 25.34 ग्राम एमडी के साथ दो तस्कर गिरफ्तार

post 872 (1)

बीकानेर। जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘ऑपरेशन नीलकंठ’ के तहत नोखा थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 25.34 ग्राम अवैध मादक पदार्थ एमडी (MD) बरामद कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त एक कार भी जब्त की है।

पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा के निर्देशन में चल रहे अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) बनवारीलाल मीणा तथा वृत्ताधिकारी नोखा जर्नैल सिंह के सुपरविजन में कार्रवाई की गई। थानाधिकारी अरविंद कुमार भारद्वाज के निर्देश पर उपनिरीक्षक कुशलाराम के नेतृत्व में पुलिस टीम ने सुजानगढ़ रोड स्थित श्री बालाजी मोटर एंड सर्विस सेंटर के पास दबिश दी।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने रामप्रताप बिश्नोई (46) और श्रवण पारीक (31), दोनों निवासी काकड़ा, थाना जसरासर, को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से 25.34 ग्राम एमडी बरामद की गई।

पुलिस ने मादक पदार्थ की सप्लाई में इस्तेमाल की जा रही एक स्विफ्ट डिजायर कार को भी जब्त कर लिया है। दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

प्रारंभिक पूछताछ में पुलिस मादक पदार्थ के स्रोत, सप्लाई चेन और इससे जुड़े अन्य व्यक्तियों के बारे में जानकारी जुटा रही है। मामले में अन्य तस्करों की संलिप्तता को लेकर भी जांच जारी है।