Crime News: सोशल मीडिया पर दोस्ती, होटल में बुलाकर हनीट्रैप! लाखों की वसूली करने वाली आरोपी महिला गिरफ्तार

post 391 (1)

बांसवाड़ा। हनीट्रैप के जरिए युवकों को फंसाकर ब्लैकमेल करने वाले गिरोह के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कोतवाली थाना पुलिस ने एक महिला आरोपी को गिरफ्तार किया है। कोतवाली बांसवाड़ा की टीम ने आरोपी कोटा निवासी महिला को न्यू बस स्टैंड से डिटेन किया। मामले में गिरोह के अन्य चार आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है।

कोतवाली थानाधिकारी बुधाराम विश्नोई ने बताया कि आरोपी महिला पर एक युवक को झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देकर उससे लाखों रुपये की वसूली करने का आरोप है। शिकायत के अनुसार महिला ने युवक को कोर्ट में बयान बदलने और मामला शांत कराने का झांसा देकर करीब चार लाख रुपये की ठगी की।

पुलिस के अनुसार इस गिरोह में महिला सहित कुल पांच लोग शामिल बताए गए हैं। मामले में पूर्व में कोटा पुलिस द्वारा अब्दुल फिरोज उर्फ बल्लू, योगेंद्र मीणा, रियासत अली उर्फ सोनू और रईस कुरैशी को गिरफ्तार किया जा चुका है। महिला आरोपी फरार चल रही थी, जिसे अब पुलिस ने पकड़ लिया है।

सोशल मीडिया के जरिए संपर्क कर युवकों को होटल में बुलाती थी:-

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गिरोह की महिला सदस्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से युवकों से संपर्क करती थी और बातचीत बढ़ाने के बाद उन्हें मिलने के लिए बुलाया जाता था। आरोप है कि बाद में युवकों को दुष्कर्म के मुकदमे में फंसाने की धमकी देकर रकम वसूली जाती थी। गिरोह के अन्य सदस्य भी फोन कर कथित रूप से दबाव बनाते थे और समझौते के नाम पर पैसे मांगते थे।

शिकायत के मुताबिक 21 मई को एक युवक को इंस्टाग्राम के जरिए संपर्क कर जिम ट्रेनिंग के बहाने कोटा बुलाया गया। बाद में होटल में मुलाकात के बाद कथित रूप से उसे झूठे मामले में फंसाने का भय दिखाकर बड़ी रकम की मांग की गई। पहले युवक से 15 लाख रुपये मांगे गए, बाद में कथित तौर पर करीब साढ़े तीन लाख रुपये में मामला तय हुआ।

घटना की जानकारी मिलने पर युवक ने कोटा ग्रामीण पुलिस को शिकायत दी, जिसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया था। महिला आरोपी लगातार फरार थी, जिसे अब बांसवाड़ा कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। मामले की जांच जारी है।

You may have missed