खाजूवाला में पेयजल, बिजली और सिंचाई संकट को लेकर कांग्रेस का प्रदर्शन, मुख्यमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन

post 164 (1)

खाजूवाला, जिला कांग्रेस कमेटी बीकानेर देहात (अल्पसंख्यक विभाग) की ओर से खाजूवाला विधानसभा क्षेत्र में व्याप्त पेयजल संकट, बिजली की चरमराई व्यवस्था, सिंचाई समस्याएं, भूमि आवंटन विवाद, बढ़ती बेरोजगारी एवं क्षेत्र में फैलते नशे के विरोध में जाट धर्मशाला खाजूवाला में बैठक आयोजित की गई।

बैठक के पश्चात कांग्रेस पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं क्षेत्रवासियों ने जुलूस के रूप में खाजूवाला उपखंड कार्यालय पहुंचकर उपखंड अधिकारी को माननीय मुख्यमंत्री, राजस्थान सरकार के नाम ज्ञापन सौंपा।

ज्ञापन जिला कांग्रेस कमेटी बीकानेर देहात (अल्पसंख्यक विभाग) के जिलाध्यक्ष सतु खान पड़िहार के नेतृत्व में सौंपा गया। ज्ञापन में खाजूवाला विधानसभा क्षेत्र में पंचायत वाइज कार्ययोजना बनाकर पेयजल, बिजली, सिंचाई एवं ग्रामीण समस्याओं के स्थायी समाधान की मांग की गई।

ज्ञापन में बताया गया कि वर्तमान समय में क्षेत्र के किसान, मजदूर, गरीब एवं आमजन पेयजल संकट, बिजली की अव्यवस्थित व्यवस्था, सिंचाई संबंधी समस्याओं, भूमि आवंटन विवादों एवं ग्रामीण क्षेत्रों में बढ़ती बेरोजगारी से अत्यंत परेशान हैं।

ज्ञापन में मुख्य मांगें निम्नानुसार रखी गई—

  1. खाजूवाला विधानसभा क्षेत्र में पीने के पानी की गंभीर किल्लत को दूर किया जाए तथा गांवों एवं ढाणियों में नियमित पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित की जाए।
  2. क्षेत्र की खराब एवं जर्जर पेयजल डिग्गियों का पंचायत वाइज सर्वे कर समस्त डिग्गियों की मरम्मत एवं रखरखाव की व्यवस्था की जाए।
  3. किसानों एवं आमजन को पर्याप्त एवं नियमित बिजली आपूर्ति उपलब्ध करवाई जाए तथा बार-बार हो रही बिजली कटौती पर रोक लगाई जाए।
  4. किसानों के घरों एवं खेतों में जारी विद्युत कनेक्शनों के अनुसार बिजली लोड का आकलन कर आवश्यक विद्युत इंफ्रास्ट्रक्चर विकसित किया जाए।
  5. किसानों के खेतों में सिंचाई हेतु बनी डिग्गियों का लंबित भुगतान शीघ्र जारी किया जाए।
  6. स्थानीय किसानों को होने वाले “स्मॉल पैच” व “मीडियम पैच” आवंटन बंद होने से हुए नुकसान को देखते हुए पुनः आवंटन प्रक्रिया शुरू कर पात्र किसानों को भूमि आवंटन किया जाए।
  7. विशेष एवं भूमिहीन श्रेणी के किसानों/ परिवारों को पूर्व में किए गए भूमि आवंटनों को धारा 22(3) के तहत निरस्त करने की कार्रवाई पर रोक लगाई जाए तथा किसानों के अधिकार सुरक्षित किए जाएं।
  8. लंबे समय से गांवों में बंद पड़ी नरेगा (VB& G RAM G) योजना को पुनः प्रारंभ कर आमजन को राहत दी जाए, ताकि गरीब, मजदूर एवं बेरोजगार लोगों को स्थानीय स्तर पर रोजगार उपलब्ध हो सके।
  9. पंचायत वाइज सर्वे करवाकर ग्रामीण क्षेत्रों की समस्याओं का स्थायी समाधान किया जाए
  10. खाजूवाला विधानसभा क्षेत्र में लगातार बढ़ रहे नशे के कारोबार एवं नशाखोरी पर पूर्ण रूप से अंकुश लगाया जाए तथा युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाए जाएं।

ज्ञापन में यह भी कहा गया कि यदि जल्द ही इन समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो जिला कांग्रेस कमेटी एवं क्षेत्रवासी बड़े स्तर पर आंदोलन करने को बाध्य होंगे।

कई जनप्रतिनिधि और पदाधिकारी रहे मौजूद:-

इस दौरान देहात जिला कांग्रेस अध्यक्ष बिसानाराम सियाग, शहर कांग्रेस अध्यक्ष एवं पूर्व बीकानेर लोकसभा कांग्रेस प्रत्याशी मदन गोपाल मेघवाल, जिला महिला कांग्रेस अध्यक्ष शांति बैनीवाल, प्रदेश कांग्रेस कमेटी एससी विभाग की सदस्य प्रीति मेघवाल, उरमूल डेयरी अध्यक्ष नोपाराम जाखड़, पूर्व सरपंच एवं पंचायत समिति सदस्य मदन गोदारा, पूर्व कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष रविन्द्र कसवा, पूर्व सरपंच सदाम हुसैन (गुलूवाली), यूथ कांग्रेस खाजूवाला नेता मोहम्मद शाबीर, युवा कांग्रेस नेता एवं पूर्व खाजूवाला बार संघ अध्यक्ष एडवोकेट सलीम खान, पूर्व सरपंच आनंदगढ़ करण पुनिया, पूर्व खाजूवाला पंचायत समिति उपप्रधान याकूब अली ब्लोच सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।