बीकानेर: अचानक पशु आ जाने से पलटा ट्रैक्टर, नीचे दबने से युवक की हुई मौत

बीकानेर। पूगल थाना क्षेत्र में ट्रैक्टर पलटने से एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा 9 मई को 2 एडीएम आबादी इलाके में हुआ, जहां ट्रैक्टर के नीचे दबने से युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। पुलिस ने मर्ग दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, 2 एडीएम निवासी हरिराम ने पूगल थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई है। रिपोर्ट में बताया गया कि उसका पुत्र अनिल ट्रैक्टर लेकर जा रहा था। इसी दौरान अचानक ट्रैक्टर के सामने एक पशु आ गया। पशु को बचाने के प्रयास में ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया।
हादसे में अनिल ट्रैक्टर के नीचे दब गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई की और पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।