Breaking News: पेपर लीक के आरोपों के बाद NEET UG 2026 परीक्षा रद्द, CBI जांच के आदेश

post 176 (1)

पेपर लीक के आरोपों के बाद NEET UG 2026 परीक्षा को रद्द कर दिया गया है। इसके साथ ही मामले की जांच केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) को सौंप दी गई है। परीक्षा 3 मई को देशभर में आयोजित हुई थी। राष्ट्रीय शिक्षा प्राधिकरण (NTA) ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर जानकारी देते हुए बताया कि केंद्रीय एजेंसियों से मिले इनपुट के आधार पर परीक्षा की निष्पक्षता पर सवाल उठे हैं, जिसके चलते यह बड़ा निर्णय लिया गया है।

NTA के अनुसार इस परीक्षा में लगभग 22.79 लाख छात्रों ने हिस्सा लिया था, जो देश के 551 शहरों और विदेशों के 14 शहरों में स्थित 5,400 से अधिक परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की गई थी।

केंद्र सरकार ने कथित डेटा लीक और संबंधित अनियमितताओं की विस्तृत जांच के लिए इस मामले को CBI को सौंप दिया है। एजेंसी अब पूरे प्रकरण की गहन जांच करेगी, जबकि NTA ने जांच में पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया है।

सरकारी सूत्रों के अनुसार, जांच एजेंसियों से मिले इनपुट के बाद यह स्पष्ट हुआ कि मौजूदा परीक्षा प्रक्रिया को जारी रखना संभव नहीं था। इसी वजह से परीक्षा को रद्द कर दोबारा आयोजित करने का निर्णय लिया गया है।

NTA ने यह भी स्पष्ट किया है कि दोबारा परीक्षा के लिए छात्रों को फिर से आवेदन करने की जरूरत नहीं होगी। पहले से उपलब्ध रजिस्ट्रेशन, परीक्षा केंद्र और अन्य विवरण ही मान्य रहेंगे। साथ ही दोबारा परीक्षा के लिए कोई अतिरिक्त शुल्क नहीं लिया जाएगा और पहले जमा की गई फीस वापस की जाएगी।

पुनः आयोजित होने वाली परीक्षा की तिथियां और नए सिरे से जारी किए जाने वाले एडमिट कार्ड का कार्यक्रम, आने वाले दिनों में एजेंसी के आधिकारिक माध्यमों से सूचित किया जाएगा। एजेंसी ने उम्मीदवारों और अभिभावकों से अपील की है कि वे केवल आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करें और अफवाहों से दूर रहें।

You may have missed