जयपुर में मिला BJP नेता का शव, नाराज परिजनों ने किया विरोध प्रदर्शन

post 502 (1)

जयपुर। जयपुर ग्रामीण के मनोहरपुर थाना क्षेत्र में भाजपा के स्थानीय नेता और एससी मोर्चा के पूर्व मंडल अध्यक्ष रामवतार असवाल की हत्या का मामला सामने आया है। मंगलवार सुबह उनका शव खून से लथपथ हालत में एक कबाड़ गोदाम में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार सोमवार रात करीब 9 बजे अज्ञात बदमाशों ने धारदार हथियार से गला रेतकर वारदात को अंजाम दिया।

घटना की सूचना मिलते ही मनोहरपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। मौके पर फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड ने पहुंचकर साक्ष्य जुटाए, वहीं आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।

मृतक रामवतार असवाल (52) मनोहरपुर कस्बे में कबाड़ व्यवसाय से जुड़े हुए थे और सामाजिक व राजनीतिक गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाते थे। हत्या की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण, परिजन और भाजपा कार्यकर्ता मौके पर पहुंच गए।

घटना के विरोध में परिजनों और ग्रामीणों ने मनोहरपुर थाने के बाहर प्रदर्शन शुरू कर दिया और आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की। परिजनों ने मृतक के परिवार को एक करोड़ रुपए का मुआवजा और परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की भी मांग रखी। उनका कहना है कि जब तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होगी तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।

मामले की सूचना पर शाहपुरा विधायक मनीष यादव, पूर्व विधायक आलोक बेनीवाल समेत कई जनप्रतिनिधि मौके पर पहुंचे और प्रशासन से जल्द कार्रवाई की मांग की।

मामले को शांत कराने के लिए एसडीएम संजीव कुमार खेदड़, एडिशनल एसपी रणवीर सिंह, डीएसपी रामावतार और थाना प्रभारी सुरेंद्र सिंह ने परिजनों और ग्रामीणों से बातचीत की। हालांकि परिजन और ग्रामीण आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग पर अड़े रहे।

फिलहाल हत्या के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस ने विशेष टीमों का गठन कर मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश जारी है।

You may have missed