अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ खाजूवाला ने मुख्यमंत्री के नाम उपखण्ड अधिकारी को सौंपा ज्ञापन

खाजूवाला, अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ राजस्थान (विद्यालय शिक्षा) के आह्वान पर गुरूवार को खाजूवाला उपखण्ड मुख्यालय पर शिक्षकों ने अपनी ज्वलंत समस्याओं के समाधान हेतु मुख्यमंत्री के नाम का ज्ञापन उपखण्ड अधिकारी को सौंपा। संगठन के प्रतिनिधियों ने बताया कि प्रदेश सरकार के दो वर्ष के कार्यकाल के बाद भी शिक्षकों की मांगों पर ध्यान नहीं दिया गया है। जिससे प्रदेश के लाखों शिक्षकों में भारी निराशा और क्षोभ व्याप्त है। ज्ञापन में चेतावनी दी गई है कि यदि शीघ्र ही सकारात्मक कार्रवाई नहीं की गई, तो शिक्षक चरणबद्ध आंदोलन के लिए विवश होंगे। अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ खाजूवाला ने ब्लॉक अध्यक्ष अनोप चंद ने बताया कि ग्रीष्मावकाश व अन्य अवकाश सहित सभी अवकाश यथावत रखे जाएं और सत्र 2026-27 के शिविरा कैलेंडर में आवश्यक संशोधन किया जाए। तृतीय श्रेणी शिक्षकों सहित सभी संवर्गों के स्थानांतरण किए जाएं तथा लंबे समय से लंबित पदोन्नतियां शीघ्र पूर्ण की जाएं। गैर-शैक्षणिक कार्य वर्ष 2019 से क्रमोन्नत विद्यालयों में स्टाफिंग पैटर्न के अनुसार पद सृजित किए जाएं और शिक्षकों को सभी गैर-शैक्षणिक कार्यों से मुक्त किया जाए। वेतन विसंगति व अन्य प्रबोधक एवं तृतीय श्रेणी शिक्षकों की वेतन विसंगति दूर की जाए, आरजीएचएस योजना को सुचारू रखा जाए और संविदा शिक्षकों को नियमित करने के साथ संगठन के मांग पत्र पर चर्चा करने की मांग ज्ञापन देकर की गई। इस अवसर पर खाजूवाला ब्लॉक के अनेक शिक्षक प्रतिनिधि और संगठन के पदाधिकारी उपस्थित रहे।