खाजूवाला: पुलिस की बड़ी कार्रवाई, डोडा पोस्त के साथ पिता- पुत्र गिरफ्तार

खाजूवाला। जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘ऑपरेशन नीलकंठ’ के तहत खाजूवाला थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 4.245 किलोग्राम अवैध मादक पदार्थ डोडा पोस्त बरामद किया है। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर परिवहन में प्रयुक्त एक स्विफ्ट कार भी जब्त की है।

पुलिस के अनुसार, बीकानेर रेंज के महानिरीक्षक पुलिस ओमप्रकाश और जिला पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा के निर्देशन में जिलेभर में नशे के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) बनवारीलाल मीणा तथा खाजूवाला वृत्ताधिकारी गौरव सारस्वत के सुपरविजन में थाना प्रभारी सुरेंद्र कुमार प्रजापत के नेतृत्व में गठित पुलिस टीमों ने एनडीपीएस के संदिग्ध ठिकानों पर दबिश दी।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने चक 24 बीडी (ए) निवासी भूराराम (52) पुत्र स्वर्गीय हेतराम और उसके पुत्र विकास (25) को गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से 4.245 किलोग्राम डोडा पोस्त बरामद किया गया।
पुलिस ने अवैध मादक पदार्थ के परिवहन में प्रयुक्त स्विफ्ट कार को भी जब्त कर लिया है। दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच की जिम्मेदारी पूगल थाना प्रभारी समरवीर सिंह को सौंपी गई है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी सुरेन्द्र कुमार सहित खाजूवाला थाना पुलिस के अधिकारियों और जवानों की टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।