बीकानेर: स्पीड ब्रेकर पर फिसली बाइक, दो सगे भाई घायल; एक की हालत गंभीर

post 785 (1)

बीकानेर। श्रीडूंगरगढ़, क्षेत्र में लगातार बढ़ रहे सड़क हादसों के बीच शुक्रवार दोपहर एक और दुर्घटना सामने आई। नेशनल हाईवे-11 से बेनीसर जाने वाले मार्ग पर बाइक फिसलने से दो सगे भाई घायल हो गए।

जानकारी के अनुसार, शुक्रवार दोपहर करीब दो बजे तेज गति से जा रही बाइक अचानक स्पीड ब्रेकर पर अनियंत्रित होकर फिसल गई। हादसे में बाइक सवार दोनों युवक घायल हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही एपीजे अब्दुल कलाम वेलफेयर सोसाइटी की एंबुलेंस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को श्रीडूंगरगढ़ उप जिला अस्पताल पहुंचाया।

चिकित्सकों ने प्राथमिक जांच के बाद घायल ओमाराम की हालत गंभीर देखते हुए उसे 108 एंबुलेंस की मदद से पीबीएम ट्रॉमा सेंटर, बीकानेर रेफर कर दिया। वहीं, दूसरे घायल भगवानाराम की हालत सामान्य बताई जा रही है और उसका उपचार श्रीडूंगरगढ़ उप जिला अस्पताल में जारी है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में लगातार बढ़ते सड़क हादसों के कारण ट्रॉमा सेंटर की कमी महसूस की जा रही है।