बीकानेर: बस ने बाइक को मारी टक्कर, सिर में गंभीर चोट से युवक की मौके पर ही मौत 

post 787 (1)

बीकानेर। लूणकरणसर कस्बे में गैस गोदाम के समीप राष्ट्रीय राजमार्ग-62 पर शुक्रवार सुबह लोक परिवहन बस और बाइक के बीच हुई भिड़ंत में एक युवक की मौत हो गई। हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

हेडकांस्टेबल श्यामलाल भाम्भू के अनुसार, दुर्घटना शुक्रवार सुबह करीब 8 बजे हुई। सूरतगढ़ की ओर से आ रही लोक परिवहन बस की सामने से आ रही बाइक से टक्कर हो गई। हादसे में बाइक सवार लूणकरणसर के वार्ड संख्या-1 निवासी 20 वर्षीय चेतराम मेघवाल गंभीर रूप से घायल हो गया।

टक्कर के बाद चेतराम सड़क पर गिर पड़ा और सिर में गंभीर चोट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलने पर लूणकरणसर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी में रखवाया। इसके बाद परिजनों को घटना की सूचना दी गई।

हादसे के बाद बस चालक वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने बस और बाइक को जब्त कर थाने पहुंचा दिया है।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मृतक ने हेलमेट नहीं पहन रखा था, जिससे सिर पर गंभीर चोट आई। पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है। दुर्घटना के कारणों की जांच जारी है।